मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी जनसभा में इंडी गठबंधन पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश राज्य

बलरामपुर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र के विशुनपुर विश्राम में चुनावी जनसभा में इंडी गठबंधन पर निशाना साधा। कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुसी है। अगर इंडी गठबंधन सत्ता में आई तो यह लोग विरासत टैक्स के रूप में औरंगजेब का जजिया कर वसूलेगें। विरासत टैक्स यह लोग पाकिस्तान और बांग्लादेशी घुसपैठियों को बांट देंगे। इससे आपको सावधान रहना होगा। देश में एक बार फिर मोदी सरकार बनाकर विरोधियों को  जवाब भी देना होगा।

उन्होंने चुनावी जनसभा में श्रावस्ती संसदीय सीट के साथ ही गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र को भी साधा। कहा कि सभी लोग एकजुट होकर मतदान करें। उन्होंने कहा कि औरंगजेब ने सत्ता के लिए अपने भाई की हत्या कर दी थी और बाप को जेल में डाल दिया था। औरंगजेब ने ही अयोध्या में राम मंदिर, काशी में विश्वनाथ मंदिर तथा मथुरा में कृष्ण मंदिर तोड़ा। देश में भाजपा की सरकार ने पिछले 10 सालों में हाईवे, एक्सप्रेसवे एवं सड़कों और पुलों का जाल बिछाया है। हर घर में नल से शुद्ध जल पहुंचाया जा रहा है। 12 करोड़ किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है। 12 करोड़ घरों में इज्जत घर बनवाया गया है।

10 करोड़ गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस दी गई। 80 करोड़ लोगों को राशन दिया जा रहा है। चार करोड़ गरीबों को मकान दिया गया। भाजपा सम्मान, सुरक्षा, विकास व गरीब कल्याण के साथ-साथ थारू जनजाति लोगों के उत्थान में भी लगी है। जिले की थारू संस्कृति को बचाने के लिए म्यूजियम का निर्माण कराया गया है। पहले गोरखपुर से देवीपाटन तुलसीपुर आने में छह घंटे और गोंडा से आने में चार घंटे लगते थे। अच्छी सड़के बनने से अब मात्र ढाई घंटे में गोरखपुर से और 45 मिनट में गोंडा से देवीपाटन मंदिर लोग पहुंच रहे हैं।

बलरामपुर जैसे पिछड़े जिले में मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय व रिंगरोड का निर्माण हो रहा है। धीरे-धीरे बलरामपुर भी देश के अग्रणी जनपदों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब जनता भाजपा के 400 पार की बात करती है तो इंडी गठबंधन के लोगों को चक्कर आने लगता है। आज पूरे देश की जनता कह रही है जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। राम विरोधी सपा और कांग्रेस पार्टी अब देश व गरीबों का विरोध कर रही है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है।

आतंकवाद और नक्सलवाद की घटनाओं पर लगाम लगी है। हमने एक ऐसे भारत का निर्माण किया है जो किसी को छेड़ता नहीं यदि कोई उसे छेड़ता है तो उसको छोड़ता भी नहीं। उन्होंने श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी साकेत मिश्रा तथा गैंसड़ी विधानसभा क्षेत्र से उप चुनाव  लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह शैलू के लिए लोगों से समर्थन की अपील की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह ,राकेश सिंह, जगदंबा सिंह, मनोज कुमार तिवारी, देवीपाटन महंत योगी मिथलेश नाथ, प्रिंस वर्मा, मंगल प्रसाद थारु आदि रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry