कस्टम विभाग ने मारा छापा, नागौर-डीडवाना में ज्वेलरी शॉप से 30 लाख की नकदी सहित भारी मात्रा में सोना जब्त

राज्य

नागौर/डीडवाना.

डीडवाना के गुदड़ी बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर आज कस्टम विभाग की टीम ने छापा मारकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कस्टम विभाग की टीम ने यहां से 30 लाख रुपये नकदी सहित भारी मात्रा में सोना भी जब्त किया। दो ज्वेलर्स को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि गत दिनों कस्टम विभाग की टीम ने जयपुर एयरपोर्ट पर तस्करों पर कार्रवाई कर अवैध सोना जब्त किया था।

इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को पकड़ा गया था। इस व्यक्ति से जानकारी मिली थी कि उसने सोने का लेनदेन डीडवाना के दो ज्वेलर्स से किया गया था। इस पर आज सुबह कस्टम विभाग के सुप्रीटेंड मनोज कुमार एवं भंवर सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम अचानक डीडवाना पहुंची और छापा मारा। इसके अलावा एक टीम ने ज्वेलर्स के घर पर भी छापा मारा। ये कार्रवाई पूरे दिन तक चलती रही। इस मौके पर एक ज्वेलर्स उमेश ने कुछ सोना नागौर में एक व्यक्ति को बेचा था, जिस पर टीम उमेश को नागौर ले गई, जहां से सोना जब्त कर वापस डीडवाना लाया गया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसके चलते स्थानीय पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। हालांकि इस कार्रवाई के बारे में विभाग के अधिकारियों ने मीडिया को किसी भी तरह की कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के दौरान 30 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में  सोना जब्त किया गया है। वहीं, उमेश मराठा और विक्रम मराठा नामक दो ज्वेलर्स को हिरासत में लिया है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry