मिलान
इटली ने अगले महीने यूरो फुटबॉल चैपियनशिप में खिताब की रक्षा का अभियान शुरू करने से पहले अभ्यास मैच में तुर्की के खिलाफ गोल रहित ड्रॉ खेला। इटली के खिलाफ मैच के दौरान तुर्की के डिफेंडर ओजान केबाक को गंभीर चोट लीग और उनके जर्मनी में होने वाले यूरो 2024 से बाहर होने की आशंका है।
इटली को अपना दूसरा मैत्री मैच रविवार को बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ खेलना है जिसके बाद टीम यूरो 2024 में 15 जून को अल्बानिया के खिलाफ खिताब की रक्षा के अपने अभियान की शुरुआत करेगी। स्पेन और क्रोएशिया को भी ग्रुप बी में जगह मिली है। दूसरी तरफ स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बिना खेल रहे पुर्तगाल ने फिनलैंड को 4-2 से हराया।
पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज पहले ही कह चुके हैं कि रोनाल्डो फिनलैंड और क्रोएशिया के खिलाफ देश के दो मैत्री मैच में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि उन्हें आराम दिया गया है। वह आयरलैंड के खिलाफ अंतिम अभ्यास मैच के लिए टीम में वापसी कर सकते हैं। फिनलैंड के खिलाफ पुर्तगाल के लिए ब्रूनो फर्नांडिज ने दो जबकि रूबेन डियाज और डिएगो जोटा ने एक-एक गोल किया। फिनलैंड के लिए दोनों गोल तेमु पुकी ने दागे।
ऑस्ट्रिया ने सर्बिया को 2-1 से हराया जबकि आयरलैंड ने हंगरी को इसी अंतर से हराकर उसके लगातार 14 मैच के अजेय अभियान को थाम दिया। रोमानिया ने बुल्गारिया को गोल रहित बराबरी पर रोका जबकि स्विट्जरलैंड ने एस्टोनिया को 4-0 और स्लोवेनिया ने आर्मेनिया को 2-1 से हराया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

