कांग्रेस विधायक विवादों में घिरे, जब बकरीद की बधाई देते हुए गाय की छपवाई, इस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी

राजनीती

तेलंगाना
तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस के एक विधायक तब विवादों में घिर गए, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर बकरीद की बधाई देते हुए गाय की ग्राफिक तस्वीर उसमें शामिल कर दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस विधायक की इस हरकत पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस विधायक कुंबम अनिल कुमार रेड्डी ने बाद में "अनजाने में हुई गलती" के लिए माफी मांगी। हालांकि पोस्ट को सभी संबंधित सोशल मीडिया मंचों से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टर में बकरी की छवि थी और इसे अब सोशल मीडिया मंच से हटा दिया गया है।

भाजपा विधायक राजा सिंह ने रेड्डी द्वारा बकरीद की शुभकामनाओं में गाय की तस्वीर इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जहां भी बनती है, वहां हिंदुओं का अपमान किया जाता है।

अनिल कुमार रेड्डी ने बाद में एक वीडियो जारी कर कहा कि वह 'राम भक्त' हैं और उन्होंने हमेशा परंपराओं का पालन किया है। उन्होंने कहा कि गलती का पता चलते ही पोस्टर हटा दिया गया। उन्होंने कहा, "अगर किसी को ठेस पहुंची है तो हम इसके लिए माफी मांगते हैं। मैं राम भक्त हूं।"

दूसरी तरफ,  तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बकरीद (ईद-उल-अज़हा) त्योहार के अवसर पर मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं दीं। रेवंत रेड्डी ने ईद पर एक संदेश में कहा कि बलिदान का यह त्योहार इब्राहिम की अपने बेटे की बलि देने की तैयारी की कहानी की याद दिलाता है जिसने सर्वशक्तिमान ईश्वर के प्रति समर्पण और भक्ति के गहन कार्य पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बकरीद का त्योहार अटूट श्रद्धा और त्याग को दर्शाता है। यह त्यौहार जीवन में आने वाली समस्याओं से न डरने और ईश्वर में आस्था रखकर धर्मनिष्ठ जीवन जीने का महान संदेश भी देता है। रेवंत रेड्डी ने कहा कि बकरीद वह त्योहार है जो दान का संदेश भी देता है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry