गया : सीआरपीएफ 159 बटालियन कैंप में मनाया गया विश्व योग दिवस

देश

बिरला की अगुवाई में संसद परिसर में मनाया गया योग दिवस

योग से स्वस्थ्य शरीर के साथ होता स्वस्थ्य मन का निर्माण : रेखा

गया : सीआरपीएफ 159 बटालियन कैंप में मनाया गया विश्व योग दिवस

नई दिल्ली
 लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अगुवाई में संसद भवन परिसर में आज दसवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया जिसमें उन्होंने कहा कि योग को आज पूरी दुनिया में स्वीकृति मिली है और यह आज का प्रमुख वैश्विक आंदोलन बन गया है।
बिरला ने इस अवसर पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राचीन भारत में ऋषि-मुनियों ने जन कल्याण के लिए योग का अनमोल उपहार मानवता को प्रदान किया है। यह आत्म-विकास के माध्यम से आत्मनिर्भरता की एक सतत यात्रा है जो मनुष्य को हमेशा स्वस्थ और निरोग बनाए रखता है।
उन्होंने कहा कि योग सिर्फ अभ्यास तक सीमित नहीं है बल्कि मानव जीवन के समग्र स्वास्थ्य की नींव है। योग मनुष्य के जीवन में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण और आध्यात्मिक विकास को बढ़ावा देने का कार्य करता है। यह सभी सांस्कृतिक और धार्मिक सीमाओं से परे है और योग ने पूरे विश्व को एकजुट करने का काम किया है ताकि मानव स्वास्थ्य के क्षेत्र में दीर्घकालिक सकारात्मक परिणाम हासिल कर सके।
बिरला ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा, “आज योग सम्पूर्ण विश्व में एक आंदोलन है। पूरी दुनिया भाग्यशाली है कि हमारे पास योग के रूप में ऐसी शक्ति है जो हमारे अंदर संतुलन स्थापित कर हमें कुशल, सक्रिय और स्वाबलंबी बनाता है। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में योग को स्वीकृति मिल रही है और योग जन-जन के दैनिक जीवन का एक अहम हिस्सा बन गया है।”

योग से स्वस्थ्य शरीर के साथ होता स्वस्थ्य मन का निर्माण : रेखा

दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योग के विभिन्न आसन किए।
इस मौके पर अपने संबोधन में श्रीमती आर्या ने कहा कि आध्यात्मिक उन्नति, शारीरिक और मानसिक सशक्तिकरण तथा ऊर्जावान, स्वस्थ भारत,स्वस्थ्य शरीर के निर्माण हेतु योग को जीवन में अपनाएं। साथ ही इसके प्रति अन्य लोगों को भी जागरूक करने हेतु संकल्पित हों। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह बड़ी उपलब्धि रही है कि अब योग विश्व भर में फैल कर लोगों को निरोग बना रहा है। ऐसे में हम सभी भारतीय भी अपने निज स्वास्थ्य के लिए जागरूक बनें और जीवन मे योग को अपनाएं। उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन धरोहर है। इसे देश विदेशों में ख्याति देने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।

योग जहां हमारे शरीर को स्वस्थ्य रखने का काम करता है, तो वहीं इससे हमारा मन भी स्वस्थ्य रहता है। योग विश्व को जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं को अगर एकाग्र और मानसिक शांति देनी है, तो जीवन मे योग को अपनाएं। वहीं उन्होंने सभी से कहा कि योग को सिर्फ एक दिन के लिए ना करते हुए बल्कि इसे प्रत्येक दिवस पर करना चाहिए।   वहीं इससे पूर्व, कैबिनेट मंत्री ने अपने शासकीय आवास पर अपने तीनो बच्चों के साथ योग के आसन किए। इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल जितेंद्र सोनकर, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग प्रशांत आर्य, अनुसचिव अजय अग्रवाल सहित समस्त विभागीय अधिकारी और आंगनबाड़ी बहनें उपस्थित रहे।

 

गया : सीआरपीएफ 159 बटालियन कैंप में मनाया गया विश्व योग दिवस

 बिहार में गया शहर के जेल रोड स्थित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 159 बटालियन के प्रांगण में आज विश्व योग दिवस मनाया गया. जहां सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों के साथ-साथ नारी गुंजन संस्था की महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुये।
इस मौके पर सीआरपीएफ बिहार सेक्टर की आईजी एनी अब्राहम ने कहा कि आज विश्व योग दिवस है, जो पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। भारत में भी विभिन्न संस्थाओं में योग दिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गया शहर में स्थित सीआरपीएफ 159 बटालियन के प्रांगण में भी योग दिवस का आयोजन किया गया है, जहां सभी लोगों ने योग किया है।

उन्होंने कहा कि योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है। खासकर सीआरपीएफ के जवानों एवं उनके परिजनों पर जो तनाव रहता है, वह योग करने से दूर होता है। सभी लोगों को इसे दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। इससे शरीर स्वस्थ रहता है और बीमारियां भी दूर होती है। सीआरपीएफ जवाने के लिए योग काफी खास है, क्योंकि योग करने से मन शांत होता है और शरीर भी स्वस्थ रहता है, इसलिए हम लोगों से कहना चाहेंगे कि सिर्फ योग दिवस पर ही नहीं बल्कि प्रतिदिन इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करें और स्वस्थ रहें। इस मौके पर मुख्य अतिथि सुधा वर्गीस, डीआईजी अच्युतानंद, सीआरपीएफ कमांडेंट कुमार मयंक, डिप्टी कमांडेंट अमिताभ कृष्ण, डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार, डिप्टी कमांडेंट ओपी यादव, सहायक कमांडेंट तुलसी दास सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

 

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry