मुकेश सहनी के पिता की हत्या के पीछे बड़ी वजह आई सामने, ब्याज के पैसे के लेनदेन में गई जान !

राज्य

दरभंगा
बिहार के दरभंगा में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम हत्या मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है. हत्या मामले में इन लोगों की संदिग्ध भूमिका की वजह से इन्हें डिटेन किया गया है.

जीतन सहनी के घर के पास लगे सीसीटीवी से पता चला है कि सोमवार रात 10.30 से 11 बजे के बीच चार लोग उनके घर में घुसे और कुछ देर घर के भीतर रहने के बाहर चले गए. इन चारों लोगों की मोबाइल डिटेल, पूर्व की हिस्ट्री, जीतन सहनी के साथ लेनदेन, देर रात उनके घर जाने के कारणों सहित हरसंभव एंगल से पूछताछ की जा रही है और इनके बारे में जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश की जा रही है.

अभी तक की जांच से पता चला है कि इन चार लोगों में से एक दो लोगों ने जीतन सहनी से ब्याज पर पैसा उधार लिया था. इनका कुछ दिन पहले जीतन सहनी से झगड़ा भी हुआ था. इनमें से एक शख्स ने अपनी मोटरसाइकिल भी उनके पास सिक्योरिटी के तौर पर रखी थी. कहा जा रहा है कि इसी मोटरसाइकिल को छुड़ाने की बात करने के लिए ये लोग रात में सहनी के घर गए थे.

जांच में पता चला है कि इनमें से दो लोगों से दो दिन पहले ही जीतन सहनी की कहासुनी हुई थी. इस दौरान इन्हें सबक सिखाने की धमकी भी दी थी. पुलिस अब सहनी के साथ इन लोगों के लेनदेन का पूरा ब्योरा खंगाल रही है.

बता दें कि मंगलवार देर रात दरभंगा के सुपौल बिरौल बाजार में जीतन सहनी का अंतिम संस्कार किया गया.

पिता की मौत के बाद क्या बोले मुकेश सहनी?

इस हत्याकांड को लेकर मुकेश सहनी ने कहा था कि मेरे पिता जी की बेरहमी से अपराधियों ने हत्या कर दी है. पिताजी को इतनी क्रूरता से मारा गया कि शब्दों में बयां करना मुश्किल है. उनका खून हमारे घर की दीवारों पर लगा हुआ है. यह घटना हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और असहनीय है. हमारी आत्मा रो रही है. निषाद समाज के लिए यह दिन 'काला दिवस' के रूप में जाना जाएगा, लेकिन यह हमें डरा नहीं सकता. हम बिहार सरकार से आग्रह करते हैं कि वह जल्द से जल्द इस घटना की जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का काम करे.

तेजधार हथियार से की गई थी हत्या

मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी का मंगलवार को क्षत-विक्षत हालत में शव मिला था. धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई थी. दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने इसकी पुष्टि की थी.

जीतन साहनी का दरभंगा के सुपौल बाजार के अफजला पंचायत में घर है. बिहार में ये बहुत बड़ी वारदात मानी जा रही है. मुकेश सहनी की गिनती बिहार में बड़े नेताओं में होती है. उनकी अपनी VIP पार्टी है. मुकेश बिहार सरकार में पशुपालन और मत्स्य संसाधन मंत्री रहे हैं. जीतन सहनी की जिस तरह हत्या की गई है, वो दिल-दहलाने वाली है. हमलावरों ने निर्मम तरीके से घटना को अंजाम दिया है. शरीर के कई अंगों पर धारदार हथियार से हमला किया है.

गांव में रहते थे मुकेश के पिता…

मुकेश के पिता जीतन सहनी गांव में स्थित घर में अकेले रहते थे. उनकी पत्नी का 8 साल पहले निधन हो गया था. उनके दोनों बेटे मुकेश सहनी और संतोष सहनी बाहर रहते हैं. एक बेटी रिंकू सहनी हैं, जिनकी शादी हो गई है और वो मुंबई में रहती हैं. बाकी खानदान के अन्य सदस्य भी गांव में रहते हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घर में दो नौकर और एक ड्राइवर आते-जाते रहते थे. पिता गांव में मछली बेचने का काम भी करते रहे हैं.

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry