अरविंद केजरीवाल भाजपा की साजिशों से लड़कर जेल से बाहर आए, अब ‘नए मिशन’ पर, करेंगे प्रचार अभियान की शुरूआत

राजनीती

नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद अब नए मिशन पर निकलने वाले हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता संदीप पाठक ने इसकी जानकारी दी। संदीप पाठक ने बताया कि 5 अक्टूबर को हरियाणा का चुनाव है। अरविंद केजरीवाल भाजपा की साजिशों से लड़कर जेल से बाहर आ गए हैं और हरियाणा चुनाव में प्रचार के लिए तैयार हैं। वह शुक्रवार से अपना प्रचार अभियान शुरू कर रहे हैं।

पाठक ने बताया कि अरविंद केजरीवाल 20 सितंबर को पहला रोड शो करेंगे। केजरीवाल का 13 रोड शो तय हुआ है, जिसमें वह हरियाणा के 11 जिले की विधानसभाओं को कवर करेंगे। हरियाणा में बदलाव और भाजपा की हार का दावा करते हुए पाठक ने कहा कि केजरीवाल आगे की योजना अगले कुछ दिन में तय करेंगे। पाठक ने कहा कि अगर आप हरियाणा की राजनीति को देखेंगे तो इस बार भाजपा पूरी तरह से वहां हार रही है। पिछले 10 साल से वहां भाजपा की सरकार चल रही है। जनता को तो छोड़ दो भाजपा को भी खुद भी भरोसा नहीं था, इसीलिए आखिरी साल में मुख्यमंत्री को बदल दिया। प्रश्न तो बनता है कि आखिर ऐसा करने की क्या जरूरूत थी। जिस तरीके से इन्होंने किसानों, जवानों का अपमान किया, माताओं और बहनों के मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ किया, उससे भाजपा को तो खुद ही भान है कि इस बार वो जाने वाली है।

आप नेता ने कहा कि भाजपा जा रही है और बदलाव आ रही है तो बड़ा प्रश्न यह है कि जनता किसको मौका देगी। चूंकि जनता ने सभी पार्टियों को वहां मौका दिया है। लेकिन, क्या इन पार्टियों ने उनके लिए काम किया। ऐसे में जनता अरविंद केजरीवाल के साथ जाएगी, क्योंकि वह दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार के कामकाज को देख रही है। एक सवाल के जवाब में पाठक ने कहा कि हमारा काम किसी पार्टी को नीचा दिखाना नहीं है। चाहे जो भी पार्टी सामने आएगी, हम उससे लड़ेंगे। हमारा मुद्दा स्कूल, अस्पताल, बेरोजगारी और महिलाओं का मान-सम्मान है। हम इन मुद्दों के साथ जनता में जाएंगे। अब जनता को तय करना है कि वह किसके साथ जाएगी। हमें अपना धर्म निभाना है। कहा कि पार्टी लगभग सभी सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry