कतार में दो महिला पार्षद, राजस्थान-केकड़ी में नगर पालिका अध्यक्ष के निलंबन से बढ़ी अटकलें

राज्य

केकड़ी.

केकड़ी जिले की सरवाड़ नगर पालिका में बेशकीमती भूमि का नियम विरुद्ध तरीके से फ्री होल्ड पट्टा जारी करने के आरोप में सरवाड़ पालिकाध्यक्ष छगन कंवर राठौड़ के निलंबित कर दिए जाने के बाद पालिकाध्यक्ष पद को लेकर कस्बे में भाजपा खेमे की राजनीति में गहमागहमी शुरू हो गई है।

पद की दावेदारी में दो महिला पार्षद कतार में है। इनमें वार्ड 8 से पार्षद शारदा देवी माली व वार्ड 18 से पार्षद उर्वशी जैन शामिल है। पालिकाध्यक्ष की लॉटरी किसके नाम खुलेगी, इसके फैसले में विधायक शत्रुघ्न गौतम की अहम भूमिका रहेगी।

पालिका बोर्ड की वर्तमान स्थिति-
सरवाड़ नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड काबिज है। यहां कस्बे के 25 वार्ड में कांग्रेस के 15, भाजपा के 8 तथा दो पार्षद निर्दलीय चुने गए। बाद में दोनों निर्दलीयों द्वारा कांग्रेस को समर्थन देने से कांग्रेस के पास 17 पार्षदों का बहुमत है। वर्तमान कांग्रेस बोर्ड का कार्यकाल 13 माह का और शेष बचा है। जनवरी 2026 में सरवाड़ नगर पालिका के चुनाव प्रस्तावित है। संपूर्ण राज्य में सभी नगर पालिकाओं के चुनाव एक साथ कराए जाने की स्थिति में कार्यकाल घट-बढ़ भी सकता है।

ये है प्रावधान-
कानूनी जानकारों के अनुसार अगले 6 माह तक आरक्षित वर्ग का उम्मीदवार पालिकाध्यक्ष बना रह सकता है। इसके बाद मनोनीत पालिकाध्यक्ष को सदन में बहुमत सिद्ध करना होगा। पालिकाध्यक्ष के निलंबन के बाद सामान्यतः पालिका उपाध्यक्ष को कार्यभार सौंपा जाता है, लेकिन बदली परिस्थितियों में स्वायत्त शासन विभाग की ओर से दो माह की अवधि के लिए आरक्षित वर्ग की उम्मीदवार की घोषणा किए जाने का भी प्रावधान है। बाद में यह अवधि विभाग की ओर से बढ़ाई भी जा सकती है।

पालिकाध्यक्ष राठौड़ को किया था निलंबित-
सरवाड़ नगर पालिका में एक बेशकीमती भूमि का नियम विरुद्ध तरीके से फ्री होल्ड पट्टा जारी करने के मामले में जांच के बाद दोषी पाए जाने पर सोमवार को स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं विशिष्ट सचिव कुमार पाल गौतम ने पालिकाध्यक्ष छगन कंवर राठौड़ को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए पद व सदस्यता से निलंबित कर दिया और प्रकरण को न्यायिक जांच के लिए विधि अनुभाग को प्रेषित कर दिया गया। इस मामले में जुड़े पालिका के एक पार्षद अतीक तंवर को भी निलंबित किया गया।

आरोप-प्रत्यारोप-
निलंबन की इस कार्रवाई को लेकर आरोप प्रत्यारोप भी लगाए गए हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरवाड़ के अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा ने कहा कि सरवाड़ नगर पालिका अध्यक्ष छगन कंवर राठौड़ पर की गई निलंबन की कार्रवाई राजनीतिक द्वेषतापूर्ण है। यह लोकतंत्र की हत्या है। जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि को इस तरह निलंबित करना गलत है। उधर सरवाड़ भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्यारेलाल खटीक ने इस कार्रवाई को सही बताया। उन्होनें कहा कि नियम विरुद्ध व मनमर्जी से काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry