चंडीगढ़
भारतीय जनता पार्टी ने 20 दिसंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को आंध्र प्रदेश से रयागा कृष्णैया, हरियाणा से रेखा शर्मा और ओडिशा से सुजीत कुमार को उम्मीदवार घोषित किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई। इसमें कहा गया कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बीजेपी ने हरियाणा से रेखा शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। वह राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। रेखा शर्मा पंचकूला की रहने वाली हैं और पीएम मोदी की करीबी मानी जाती हैं। कहा जा रहा है कि रेखा शर्मा का नाम दिल्ली से ही तय किया गया। विधानसभा चुनाव में वह बेहद सक्रिय थीं। रेखा शर्मा के खिलाफ दूसरा कोई उम्मीदवार नहीं होगा। ऐसे में 13 दिसंबर को उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया जा सकता है।
रेखा शर्मा का नाम फाइनल होने से कई दिग्गज भाजपा नेताओं को झटका लगा है। इसमें प्रदेश के अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली का भी नाम है। विधानसभा चुनाव में भी उनका टिकट कट गया था। इसके अलावा करनाल के पूर्व सांसद संजय भाटिया, सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और हरियाणा के पूर्व मंत्री बनवारी लाल, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता को पिछाड़ते हुए रेखा शर्मा राज्यसभा जा रही हैं।
निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने चार राज्यों में राज्यसभा की रिक्त छह सीट के लिए 20 दिसंबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की थी। आंध्र प्रदेश में तीन रिक्तियां तब पैदा हुई थीं, जब वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सदस्य वेंकटरमण राव मोपीदेवी, बीड़ा मस्तान राव यादव और रयागा कृष्णैया ने अगस्त में उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा सदस्य के रूप में यादव और कृष्णैया का कार्यकाल 21 जून, 2028 को समाप्त होना था जबकि मोपीदेवी को 21 जून, 2026 को सेवानिवृत्त होना था।
ओडिशा में एक रिक्ति तब हुई जब सुजीत कुमार ने अपनी सीट छोड़ दी। इसके बाद उन्हें बीजू जनता दल द्वारा निष्कासित कर दिया गया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल, 2026 को समाप्त होना था। भाजपा के कृष्ण लाल पंवार ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद हरियाणा से राज्यसभा की अपनी सीट छोड़ दी थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

