बिहार
बिहार में भोजपुर जिले के गिधा थाना क्षेत्र में सोमवार को कार की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बक्सर-पटना मुख्य मार्ग पर फॉर्च्यूनर कार ने दो मजदूरों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं, घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
चालक वाहन छोड़कर फरार
मृतकों की पहचान कैमूर जिले के मझारी गांव निवासी अनिल गुप्ता और रोहतास जिले के महरनीया निवासी पप्पू कुमार के रूप में हुई है। दोनों गिद्धा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पाईनेक्स इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी में मजदूर एवं वेल्डर का काम करते थे। दोनों ड्यूटी करने के लिए कंपनी जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया। जिससे दोनों की मौत हो गई। वहीं, दुर्घटना के बाद कार का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
वहीं, घटना से आक्रोशित लोगों ने पटना बक्सर राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 922 को जाम कर दिया। मामले की जानकारी के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल आरा भेज दिया गया है। पुलिस फॉर्च्यूनर कार को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

