गिरिडीह में हुई झड़प पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 लोग गिरफ्तार

राज्य

गिरिडीह

झारखंड के गिरिडीह जिले में होली जुलूस के दौरान हुई झड़प में कथित रूप से संलिप्त 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बीते शनिवार को यह जानकारी दी। गिरिडीह के घोड़थंबा इलाके में शुक्रवार को जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच झड़प में कई लोग घायल हो गए और कई दुकानों और वाहनों को आग लगा दी गई।

खोरीमहुआ अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राजेंद्र प्रसाद ने बताया, ‘‘मामले के संबंध में दोनों पक्षों के कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।'' उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान चार अस्थायी दुकानें, पांच मोटरसाइकिलें और दो चार पहिया वाहन आग के हवाले कर दिए गए। इससे पहले गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिमल कुमार ने कहा था कि झड़प में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए तलाश जारी है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।''

कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘‘गिरिडीह के घोड़थंबा में होली जुलूस पर पथराव और आगजनी की दुखद घटना हेमंत सरकार के तुष्टिकरण की राजनीति और प्रशासनिक तंत्र की विफलता का परिणाम है। हिंदुओं के पर्व त्योहारों पर हिंसा करना नया ट्रेंड बन गया है और इसे बढ़ावा दे रही है घुसपैठियों की संरक्षक झामुमो कांग्रेस की सरकार।'' केंद्रीय मंत्री और कोडरमा से सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के कारण स्थिति बिगड़ी। उन्होंने कहा, "प्रेम और भाईचारे के पर्व होली पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।"

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry