झारखंड मुक्ति मोर्चा का आज 46 वां स्थापना पर सीएम सोरेन बोले – मैं बाहर होता तो झारखंड में एक भी सीट नहीं जीतती बीजेपी

राज्य

रांची

झारखंड के हजारीबाग में झारखंड मुक्ति मोर्चा का आज 46 वां स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान अगर मैं बाहर होता तो भारतीय जनता पार्टी झारखंड में एक भी सीट नहीं जीत पाती।

मुख्यमंत्री हेमंत ने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन पर भी जमकर निशाना साधा। सोरेन ने कहा कि कुछ झारखंड आंदोलनकारी जो हमारे सहयोगी भी रहे, वे बाहरी भाजपा नेताओं के साथ मिलकर राज्य सरकार के खिलाफ साजिश करते रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने षड़यंत्र कर मुझे जेल भेजा जबकि हमारी सरकार जनकल्याण का काम कर रही थी। ये भाजपा के नेताओं से देखी नहीं गई। सोरेन ने कहा कि जब दोबारा हमारी सरकार बनी तो विकास कार्य और तेज हुए। मुख्यमंत्री हेमंत ने कहा कि हमारी सरकार सभी जरूरतमंदों को पेंशन देने का काम कर रही है।

"भविष्य में भी भाजपा को सत्ता नसीब नहीं होगी"
राज्य में भाजपा के 17 वर्षों के शासनकाल को लेकर सीएम ने कहा कि झारखंड में इस दौरान भूख, बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार ने लोगों को त्रस्त कर दिया। उन्होंने दावा किया कि 2019 में और फिर 2024 में जनता ने भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दिया और भविष्य में भी भाजपा को सत्ता नसीब नहीं होगी। उन्होंने झारखंड आंदोलन के संघर्ष को याद करते हुए अपने पिता गुरुजी शिबू सोरेन, दिवंगत बिनोद बिहारी महतो और निर्मल महतो के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अलग राज्य के लिए 40 वर्षों तक आंदोलन चला, जिसमें कई परिवार उजड़ गए, सैकड़ों लोग शहीद हुए, तब जाकर झारखंड का गठन हुआ। अब समय है राज्य को आगे ले जाने का।

"अगर कोई अधिकारी पैसे मांगता है तो उसे तुरंत खदेड़ दें"
सीएम ने मंईयां योजना के लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई अधिकारी पैसे मांगता है तो उसे तुरंत खदेड़ दें। उन्होंने साइबर ठगी पर भी चेताया और कहा कि लोग पैसे डबल करने का झांसा देकर कॉल करते हैं, उनसे सावधान रहें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से जो आर्थिक सहायता मिल रही है, उसका उपयोग अपने परिवार की भलाई, खेती-बाड़ी और आर्थिक स्थिति सुधारने में करें।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry