खगड़िया
केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो चिराग पासवान आज शनिवार की दोपहर अपने पैतृक गांव शहरबन्नी पहुंचे। वे पटना से हेलीकॉप्टर से अलौली के मेघौना पहुंचे और वहां से सीधे सड़क मार्ग से शहरबन्नी आए। उन्होंने अपने पैतृक आवास जाकर बड़ी मां राज कुमारी देवी से मुलाकात की। यह मुलाकात भावपूर्ण रही।
चिराग से मिल भावुक हुईं बड़ी मां
बातचीत के दौरान बड़ी मां राजकुमारी देवी की आंखों से आंसू भी निकल पड़े। चिराग पासवान ने उनसे उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ली। राज कुमारी देवी ने कहा कि, चिराग पासवान ने उनसे बताया कि, शहरबन्नी से लेकर दिल्ली तक की संपत्ति का बंटवारा होना ही चाहिए। इधर चिराग पासवान ने संवाददाताओं से कहा कि चाचा पशुपति पारस ही आगे बढ़कर हर विवाद को जन्म दे रहे हैं। पहले उन्होंने पार्टी को तोड़ा और अब घर को तोड़ने जा रहे हैं। लेकिन हम हमेशा मजूबती से खड़े हैं और खड़े रहेंगे।
बड़ी मां ने देवरानी पर लगाए थे गंभीर आरोप
मालूम हो कि बीते दिनों चिराग की बड़ी मां राजकुमारी देवी ने अपनी देवरानियों पशुपति पारस की पत्नी शोभा देवी और स्व. रामचंद्र पासवान की पत्नी सुनैना देवी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए अलौली थाना में आवेदन देकर केस दर्ज कराया था। उन्होंने संपत्ति के बंटवारे की भी मांग की है। इसके बाद से पासवान परिवार में घमासान मचा हुआ है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

