प्रेम-प्रसंग के शक में युवक की पीट-पीट कर हत्या, परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

राज्य

सीवान

सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया गया। युवक को स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
 
रिश्तेदारी में गया था युवक, रात में हमला कर फेंका गया
मृतक की पहचान पचरुखी थाना क्षेत्र के भवानी मोड़ निवासी संजय कुमार महतो उर्फ रोशन कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सीवान शहर के शुक्ला टोली में किराए पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले अपने गांव से हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित रफीपुर गांव में रिश्तेदारी में गया हुआ था। वहीं रात के समय कुछ अज्ञात लोगों ने उसे पकड़कर बेरहमी से पीटा और फिर घायल अवस्था में गांव के पास फेंक दिया।
 
सुबह लोगों ने युवक को अधमरे हालत में देखा, अस्पताल में हुई मौत
घटना के अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने जब युवक को देखा तो वह अधमरा पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक अभी जीवित है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। लेकिन युवक की हालत इतनी गंभीर थी कि उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की आशंका
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर प्रेम प्रसंग की चर्चा जोरों पर है। कहा जा रहा है कि युवक का किसी लड़की के साथ प्रेम संबंध था और इसी को लेकर उसकी पिटाई की गई। हुसैनगंज थाना प्रभारी ने भी इस आशंका को बल देते हुए कहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
 
परिजनों ने जताई नाराजगी, सड़क पर उतरे
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। सदर अस्पताल के सामने परिजनों ने आगजनी कर सड़क जाम कर दी और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का साफ कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर सीवान सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल नगर थाना की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry