मुज्जफरपुर में रफ्तार का कहर, सरकारी बस ने मासूम को रौंदा

राज्य

मुज्जफरपुर

 जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में सरकारी बस की चपेट में आने से एक साढ़े तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना साहेबगंज थाना क्षेत्र के सोमगढ़ मस्जिद, वार्ड नंबर 1 की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान अजय कुमार पासवान के पुत्र रॉकी कुमार (3.5 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया गया कि बच्चा अपने घर के बाहर बरामदे में खेल रहा था, इसी दौरान वह सड़क के किनारे पहुंच गया। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक सरकारी बस ने उसे कुचल दिया।

परिजनों ने बताया कि बच्चा घर के पास खेल रहा था। उसी समय साहेबगंज से मुजफ्फरपुर की ओर जा रही बस ने रॉकी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य दौड़े लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम के चाचा संजय पासवान ने बताया कि हादसे के समय बच्चे का पिता मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर था। उन्होंने बताया कि बस चालक घटना के तुरंत बाद बस लेकर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस बहुत तेज गति से चल रही थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए इस घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही साहेबगंज थाना प्रभारी सिकंदर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। परिजनों के बयान और आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार बस चालक और बस की तलाश में पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry