गुड़गांव
समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली जन शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निवारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त कर सकें। इसी उद्देश्य से आज लघु सचिवालय में सीटीएम रविन्द्र कुमार ने जिले के विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान शिविरों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक से पूर्व हरियाणा अभिलेखागार विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के उपायुक्तों और अधिकारियों के साथ जिलेवार प्राप्त शिकायतों और उनके निवारण की स्थिति की समीक्षा की।
वीसी उपरांत सीटीएम रविन्द्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध निवारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर जनता और शासन के बीच विश्वास की कड़ी हैं, जिसे बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में दर्ज शिकायतों पर शिकायतकर्ता का संपर्क नंबर अवश्य दर्ज हो, ताकि समाधान के उपरांत उन्हें अवगत कराया जा सके। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों की स्थिति पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट की जाए और समीक्षा बैठकों से पूर्व तकनीकी टीम से लंबित मामलों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
सीटीएम ने यह भी बताया कि अब तक समाधान शिविरों में कुल 6772 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत शिकायतों का निवारण किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यथासंभव शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया जाए, और यदि किसी कारणवश तुरंत समाधान संभव न हो, तो शिकायतकर्ता को समाधान की समय-सीमा की जानकारी अवश्य दी जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा संचालित विकासपरक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी अधिकारी पूरी निष्ठा एवं गंभीरता से कार्य करें।
बैठक में एसडीएम गुरुग्राम परमजीत चहल, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, एसडीएम बादशाहपुर अखिलेश, हिपा की संयुक्त निदेशक ज्योति नागपाल, एसीपी सुशीला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
