गोपालगंज
सात करोड़ रुपये के साइबर ठगी के मामले में हरियाणा पुलिस गोपालगंज पहुंची। पुलिस की टीम ने जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के खरगी छाप गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी विशाल सिंह उर्फ विवेक सिंह ने गुरुग्राम स्थित प्रतिष्ठित रियल एस्टेट कंपनी M3M इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के फर्जी मालिक बनकर सात करोड़ रुपये की ठगी की थी।
हरियाणा पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने खुद को कंपनी का मालिक 'रूप बंसल' बताकर कंपनी के अधिकारी महेश चंद्र उपाध्याय को व्हाट्सएप पर फर्जी नंबर से संदेश भेजा। इस दौरान उसने 19 मई से 27 मई 2025 तक अलग-अलग बैंक खातों में कुल 6.96 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। यह रकम कंपनी के ICICI बैंक खाते से 24 किस्तों में ट्रांसफर की गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना दक्षिण गुरुग्राम में एनसीआरपी पोर्टल पर मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान होते ही हरियाणा पुलिस की एक टीम गोपालगंज पहुंची और मीरगंज थाना की मदद से आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि थाना साइबर दक्षिण गुरुग्राम में अपराध धारा 318(4), 319 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की जांच पीएसआई कुलदीप द्वारा की जा रही है। पुलिस ने व्हाट्सएप चैट, बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल्स और संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। आरोपी को हरियाणा पुलिस और गोपालगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

