बेगूसराय
बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र में एनएच-31 स्थित सदानंदपुर ढाला के पास जयंती पेट्रोल पंप पर शनिवार को बदमाशों के द्वारा गोलीबारी की गई। घटना की सूचना मिलते ही बलिया एसडीपीओ नेहा कुमारी व थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उन्होने बताया कि 10 रुपए के विवाद में बदमाशों ने पंप कर्मियों से मारपीट कर फायरिंग की है। घटनास्थल से 5 खोखा बरामद किया गया है। अपराधियों की पहचान की जा रही है, बदमाश जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच के साथ ही पुलिस पंप के कर्मियों से पूछताछ कर रही है। घटना के संबंध में एसडीपीओ ने बताया कि शनिवार को दोपहर बाद दो लड़के पंप पर बाइक में पेट्रोल लेने पहुंचे। पेट्रोल कम देने को लेकर दोनों लड़के नोजलमैन डंडारी थाना क्षेत्र के मेंहा निवासी महेश महतो से उलझ गये। शोर सुन पंप के कर्मी इकट्ठा हो गये। कर्मियों को जुटते देख दोनों लड़के वहां से चले गये। थोड़ी देर बाद दोनों लड़का अन्य लड़कों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचे और हवाई फायरिंग करते हुए उक्त नोजलमैन के साथ मारपीट करने लगे। फायरिंग से पंप के कर्मियों में दहशत फैल गयी।
इस घटना की सूचना पंप के कर्मियों द्वारा पुलिस को दी गयी। बदमाशों की पहचान के लिए पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों द्वारा पांच राउंड फायरिंग की गई है जिसका खोखा भी बरामद हुआ है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

