चंडीगढ़
चंडीगढ़-हिसार के बीच नई फ्लाइट का संचालन आज से किया जाएगा, जिसको लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने ए, टी.आर.-72 सीटर को सप्ताह में 2 दिन के लिए स्लॉट जारी किया है। शहीद भगत सिंह इंटरनैशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से अब हिसार के लिए कनैक्टिविटी के साथ चंडीगढ़ एयरपोर्ट देश के 18 राज्यों से जुड़ गया है।
चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट के सी.ई.ओ. अजय वर्मा ने बताया कि हिसार फ्लाइट के लिए स्लॉट जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही हमारी कोशिश है कि एयरलांइस अयोध्या व नांदेड साहिब के लिए फ्लाइट शुरू करें, जिसके लिए एयरलाइंस के साथ लगातार बात चल रही है, उम्मीद है कि इन दोनों धार्मिक स्थलों के लिए भी फ्लाइट शुरू हो जाएगी।
सप्ताह में दो दिन उड़ान भरेगी चंडीगढ़-हिसार फ्लाइटः सी.ई.ओ. ने बताया कि चंडीगढ़-हिसार के बीच एलायंस एयर ए.टी. आर.-72 सीटर का संचालन कर रहा है। यह फ्लाइट चंडीगढ़-हिसार के बीच सप्ताह में सिर्फ दो दिन संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह फ्लाइट सोमवार व शुक्रवार को चंडीगढ़-हिसार के बीच उड़ान भरेगी, जिसको लेकर एयरलाइंस ने बुकिंग शुरू कर दी है। चंडीगढ़ से हिसार के लिए उड़ान दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर भरी जाएगी और शाम 4 बजकर 30 मिनट पर फ्लाइट हिसार पहुंचेगी। वहीं हिसार से चंडीगढ़ के लिए एलायंस एयर की उड़ान दोपहर 4 बजकर 55 मिनट पर भरेगी और शाम 5 बजकर 55 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचेगी। हिसार से चंडीगढ़ की उड़ान अवधि लगभग 1 घंटा और चंडीगढ़ से हिसार की उड़ान 1 घंटा 10 मिनट की होगी। इसके लिए 1449 रुपए से 1704 रुपए फेयर रखा गया है, हालांकि फ्लाइट की बुकिंग फ्लैक्शी फेयर के आधार पर तय किया जाता है।
दिल्ली के लिए सबसे अधिक 12 फ्लाइट्स
चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सबसे अधिक 12 फ्लाइट्स हैं, जबकि मुंबई और बैंगलोर के लिए 6-6, जयपुर और श्रीनगर के लिए 4-4, लेह और हैदराबाद के लिए 2-2, अहमदाबाद के लिए 3, कोलकाता, धर्मशाला, गोवा, हिसार, इंदौर, जम्मू, लखनऊ, चेन्नई, पटना और पुणे के लिए 1-1 फ्लाइट्स रोजाना उड़ान भर रही हैं। इस कड़ी में अब सोमवार से हिसार एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है। ऐसे में चडीगढ़ से देश के करीब 18 राज्यों के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरु हो चुकी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
