रांची
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर हुए भीषण विमान हादसे पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्य की कई प्रमुख हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और दिवंगतों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा, “अहमदाबाद में भीषण विमान दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाला है।” मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गुजरात के अहमदाबाद में हवाई जहाज के दुर्घटनाग्रस्त होने की अत्यंत हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हूं। दुर्घटना में हताहतों और उनके परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मरांग बुरु सभी की रक्षा करें।”
रांची के भाजपा सांसद संजय सेठ ने कहा कि अहमदाबाद विमान हादसे के बाद आ रही तस्वीरें और वीडियो हृदय को बेधने वाले हैं। संवेदना के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “घायलों के स्वस्थ और सुरक्षित होने की प्रार्थना ईश्वर से करता हूं।” झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज अहमदाबाद में जो भयावह त्रासदी घटी, उसने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस कठिन समय में हमारी प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों। झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि यह स्तब्ध करने वाला समाचार है। उन्होंने लिखा, “बाबा बैद्यनाथ से …घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
