रोहतास
रोहतास जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत भधोखरा गांव के बधार में मंगलवार रात आकाशीय बिजली गिरने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान बक्सर जिले के रघुनाथपुर गांव निवासी महेश राम के रूप में हुई है और पुलिस ने शव का सदर अस्पताल सासाराम में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बिजली मिस्त्री भधोखरा गांव के बधार में तेज आंधी और बारिश से टूटे हुए तारों को ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे, तभी अचानक वे तेज गर्जन के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस दौरान वहां मौजूद अन्य साथियों की मदद से उन्हें बिजली के खंभे से नीचे उतारकर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और दरिगांव थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जहां से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया और अब आगे की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि घटना को लेकर सासाराम अंचलाधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद मुआवजे का प्रावधान है और मामले की जांच के बाद मुआवजा दिया जाएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
