हेराफेरी की हदें पार: चावल-दाल सप्लाई के नाम पर राइस मिलर्स से 2 करोड़ की ठगी, ऐसे फंसा बदमाशों के जाल में

राज्य

जींद
हरियाणा के जींद में एक राइस मिलर्स से दो करोड़ रुपए ठगने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों ने राइस मिल मालिक को सस्ते रेटों पर दाल व चावल देने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया, लेकिन रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो सामान दिया और न ही पैसे वापस किए। परेशान राइस मिलर्स ने पुलिस को मामले की शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दिल्ली की एक फर्म सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। नरवाना में उकलाना रोड पर गोयल इंडस्ट्रीज के संचालक प्रो. सुभाष गोयल ने शहर थाना नरवाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 माह पहले उसके पास पुरानी दिल्ली के अशोक विहार निवासी राकेश बंसल का फोन आया था और उसने पूछा था कि आपको चावल व दाल की जरूरत है, वह उनको ठीक रेट पर चावल व दाल दिला सकता है।

 सुभाष गोयल ने बताया कि उसको चावल की जरूरत है, इसलिए उसने कहा कि पार्टी से बैठक करवा दे। इसके बाद सुभाष की दिल्ली के कनाट पैलेस में बारा खंबा रोड पर मै. कल्याणी इंटरप्राइजिज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक दिल्ली के पंजाबी बाग निवासी मयूर शर्मा व करिश्मा राणा का पति प्रतीक शर्मा व पुरानी दिल्ली के अशोक विहार निवासी राकेश बंसल, नरेंद्र राठौर उसकी मिल में मीटिंग हुई।

 उन्होंने कहा कि पेमेंट कर दो तो वे उसको दो दिन में चावल या दाल लोड करवा देंगे। उसने उनकी बातों पर विश्वास करके 16 अप्रैल 2024 को 39 लाख रुपए, सात मई को 45 लाख रुपए, 24 मई को 58 लाख रुपए, सात जून को 62 लाख रुपए अलग-अलग तिथियों में कुल मिलाकर दो करोड़ चार लाख रुपए मैसर्ज कल्याणी इंटरप्राइजिज प्राइवेट लिमिटेड बारा खंभा रोड दिल्ली के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से बैंक में करवाए थे।
 
इसके बाद मयूर शर्मा, करिश्मा राणा, प्रतीक शर्मा, राकेश बंसल, नरेंद्र राठौर ने उसको न तो चावल व दाल भेजी और न ही रुपए वापस किए। उसके बाद जब वह वहां दिल्ली गया तो उन्होंने उसको 50-50 लाख रुपए के दो चैक दिए। जब बैंक में जाकर पता किया तो उनके खातों में पैसे नहीं थे और ये बाउंस हो गए। उसके बाद उन्होंने एक चैक 15 लाख रुपए का दिया। उसका भी खाता बंद मिला। इस प्रकार उन्होंने उसके साथ धोखाखड़ी करके करोड़ों रुपए हड़प लिए।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry