दिल्ली में क्लास रूम घोटाला मामले में मनीष सिसोदिया ACB के सामने हुए हाजिर

राज्य

नई दिल्ली

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया सरकारी स्कूलों में क्लासरूम्स के निर्माण से संबंधित कथित भ्रष्टाचार के मामले में पूछताछ के लिए शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के सामने पेश हुए। एसीबी ने सरकारी स्कूलों में क्लासरूम्स निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर ‘आप’ नेताओं मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को नोटिस भेजकर पूछताछ के तलब किया था। सत्येंद्र जैन 6 जून को एजेंसी के समक्ष पेश हुए थे।

दिल्ली सरकार के स्कूलों में 12,000 से अधिक क्लासरूम्स या अर्ध-स्थायी संरचनाओं के निर्माण में 2,000 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर 30 अप्रैल को एसीबी द्वारा एक एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद समन जारी किए गए।

जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही भाजपा : सिसोदिया

एसीबी ऑफिस जाने से पहले पत्रकारों संग बातचीत में सिसोदिया ने भाजपा पर राजनीति से प्रेरित होकर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार हर मामले में नाकाम हो गई है। उन्होंने ने कहा, “दिल्ली में शानदार स्कूल बने और अच्छी पढ़ाई हुई। दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में बहुत शानदार काम हुआ, जिसे सारा देश जानता है, लेकिन भाजपा राजनीति से प्रेरित होकर अपनी एजेंसी का दुरुपयोग करके इस मामले में एफआईआर दर्ज करती है और फिर आज मुझे एसीबी ने बुलाया है। यह बात मैं एसीबी के सामने रखूंगा, लेकिन मैं यह कहना चाहता हूं यह पूरी तरीके से राजनीति से प्रेरित मामला है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके पिछले 10 वर्षों में हमारे एक-एक नेता की पूरी जिंदगी खंगाल डाली, लेकिन इनको कुछ नहीं मिला। एजेंसियां केवल और केवल फर्जी एफआईआर करती है और बाद में कुछ भी नहीं निकलता है। इस मामले में भी यही होने वाला है।

‘आप’ नेता ने कहा कि इस मामले के बारे में आप सबके संज्ञान में लाना चाहता हूं कि भाजपा के सांसद मनोज तिवारी ने उन पर यह आरोप लगाया था और जब मैंने उनके ऊपर मानहानि का मुकदमा किया तो वह जमानत लेकर अभी भी बचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मामले दर्ज करती है।

उन्होंने कहा कि जब से दिल्ली में भाजपा की सरकार आई है, लगातार बिजली कटौती हो रही है, प्राइवेट स्कूल मनमानी फीस वसूल रहे हैं, सड़कों का बुरा हाल है और एक दिन की बारिश में राजधानी में चारों तरफ जलभराव हो गया।
‘आप’ नेताओं ने जो किया उन्हें भुगतना पड़ेगा : रेखा गुप्ता

वहीं, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि ‘आप’ नेताओं ने जो किया उन्हें उसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। रेखा गुप्ता ने ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया को क्लासरूम घोटाला मामले में दिल्ली एसीबी द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जल्द ही इन सभी को कोर्ट में पेश होना पड़ेगा। अभी तो अरविंद केजरीवाल को भी पंजाब से दिल्ली लौटना पड़ेगा।”

उन्होंने ‘आप’ नेताओं को भगोड़ा करार देते हुए कहा, “दिल्ली की जनता को ऐसे नेताओं की जरूरत नहीं है। जो कर्म किया है उसे भुगतना पड़ेगा।”

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry