दौसा
11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गेटोलाव धाम, दौसा में योग साधकों का समागम देखने को मिला। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं दौसा प्रभारी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने इस विशेष अवसर पर आयोजित योग शिविर में भाग लिया और उपस्थित जनसमूह के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर कर्नल राठौड़ ने कहा कि हम सभी भारतवासी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत की योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाई। आज पूरा विश्व योग के इस प्राचीन भारतीय उपहार को अपना रहा है और गौरव का अनुभव कर रहा है।
उन्होंने योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने पर जोर देते हुए इसे स्वास्थ्य और मानसिक शांति का आधार बताया। उन्होंने छात्रों, अधिकारियों और आमजन से अपील की कि वे योग को अपनाएं और इसे एक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राठौड़ ने विशाखापत्तनम, आंध्रप्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय मुख्य समारोह से वर्चुअल रूप से जुड़कर प्रधानमंत्री का उद्बोधन भी सुना और उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया। शिविर में बड़ी संख्या में गणमान्यजन, अधिकारी, छात्र, महिला एवं पुरुष योग साधक उपस्थित रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
