फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के मामले में अस्पताल संचालक डॉ. रिहान खान और डॉ. मोहम्मद अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज

राज्य

पलवल 
पलवल जिले में हथीन उपमंडल में एक निजी अस्पताल द्वारा फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का मामला सामने आया है। उटावड़ थाना पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉ. रिहान खान और डॉ. मोहम्मद अली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी देते हुए जिला चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जयभगवान जाटान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 26 मई को भीमसीका गांव स्थित सलमा नर्सिंग होम पर छापेमारी की थी, जहां से लगभग 154 जन्म प्रमाण पत्र बरामद हुए। इनमें से कई में जन्मतिथि और स्थान गलत पाए गए। मामले की जांच के लिए 6 जून को तीन सदस्यीय टीम गठित की गई। जांच टीम ने 13 जून को उटावड़ स्थित रिहान अस्पताल का निरीक्षण किया। डॉ. रिहान ने स्वीकार किया कि अस्पताल उनका है और डॉ. अली वहां काम करते हैं। इस दौरान डॉ. रिहान भीड़ का फायदा उठाकर एक बच्चे को लेकर फरार हो गए, जिसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट असलम खान की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया।

जांच में पता चला कि डॉ. मोहम्मद अली ने अपने दस्तावेजों पर रिहान अस्पताल को सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम पोर्टल पर पंजीकृत कराया था। अधिकतर मामलों में बच्चों का जन्म सलमा अस्पताल में हुआ था, लेकिन उन्हें रिहान अस्पताल में दर्ज किया गया। कई प्रमाण पत्रों में जन्मतिथि और जन्म स्थान गलत पाए गए, जिनमें एक महीने से अधिक का अंतर था। आशा वर्कर और एएनएम के रिकॉर्ड तथा अभिभावकों के बयानों से भी पुष्टि हुई कि रिहान अस्पताल ने नियमों का उल्लंघन कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए। कुछ जन्म घटनाओं को दो अलग-अलग तिथियों के साथ दर्ज किया गया था। 

उन्होंने बताया कि इन दोनों डाक्टरों के खिलाफ हथीन के उटावड़ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने एक डाक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और दूसरे डॉक्टर की तलाश की जा रही है। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जयभगवान जाटान ने बताया कि जिले में इसकी जांच की जा रही है कि ओर कहां-कहां पर इस तरह से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए हैं। अगर जांच में कोई दूसरे भी पाए गए तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry