पटना
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से चंद महीने पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सस्पेंस बढ़ा दिया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरीय नेता शाह ने बिहार में सीएम कैंडिडेट के सवाल पर कहा कि समय बताएगा कि बिहार में मुख्यमंत्री कौन बनेगा। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि बिहार चुनाव नीतीश के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। शाह के इस जवाब में नीतीश की पार्टी जेडीयू में खलबली मच सकती है। जेडीयू लगातार '25 से 30, फिर से नीतीश' का प्रचार कर रही है। वहीं, दिलीप जायसवाल, सम्राट चौधरी सरीखे बिहार बीजेपी के नेता भी ‘2025 फिर से नीतीश’ का दावा कर चुके हैं।
दरअसल, अमित शाह ने दो दिन पहले दिए इंटरव्यू में सीएम फेस पर जो जवाब दिया, उससे सियासी पारा गर्मा गया है। इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव का मुद्दा विकास रहेगा या जाति? इस पर गृह मंत्री ने जवाब दिया कि चुनाव के मुद्दे हमेशा जनता तय करती है। मगर हमारा मानना है कि बिहार के लोगों के लिए विकास ही सबसे बड़ा मुद्दा है। इसके बाद जब शाह से पूछा गया कि बिहार में एनडीए का सीएम कैंडिडेट कौन है। इस पर उन्होंने कहा, “बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा, यह तो समय बताएगा, लेकिन हम बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ने जा रहे हैं।”
नीतीश पर पहले भी सस्पेंस दे चुके हैं अमित शाह
यह पहली बार नहीं है जब अमित शाह ने नीतीश कुमार को लेकर सस्पेंस बढ़ाया है। लगभग 6 महीने पहले भी उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान एनडीए के सीएम कैंडिडेट के सवाल पर गोलमोल जवाब दिया था। उनसे पूछा गया था कि क्या बीजेपी नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी? इस पर शाह ने जवाब दिया था कि वह पार्टी के एक अनुशासित कार्यकर्ता हैं। इस तरह के मंच पर पार्टी के निर्णय नहीं लिए जाते हैं। पार्टी पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में इस पर विचार होगा और फिर फैसला लिया जाएगा।
शाह के उस बयान के बाद अटकलें लगाई जाने लगीं कि बिहार में भी बीजेपी महाराष्ट्र मॉडल लागू कर सकती है। यानी कि 2025 के अंत में होने वाले बिहार चुनाव में अगर एनडीए सत्ता में वापसी करता है तो नीतीश की जगह किसी और नेता को सीएम बनाया जा सकता है। पिछले साल महाराष्ट्र चुनाव के बाद बीजेपी ने शिवसेना के एकनाथ शिंदे की जगह अपनी पार्टी के देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया था।
दिलीप जायसवाल बोल चुके हैं- 2025 फिर से नीतीश
हालांकि, दिसंबर 2024 में आए अमित शाह के उस बयान के बाद बिहार एनडीए में हलचल तेज हो गई थी। इसके ढाई महीने बाद फरवरी 2025 में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शाह के बयान को दोहराते हुए कह दिया कि सीएम फेस पार्लियामेंट्र बोर्ड की बैठक में तय करेंगे। हालांकि, सहयोगी जेडीयू से दबाव बढ़ा तो जायसवाल को कुछ ही घंटों में सफाई देनी पड़ी। बाद में उन्होंने स्पष्ट कर दिया- 2025 फिर से नीतीश।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

