चंडीगढ़
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी (IAS Anurag Rastogi) को एक्सटेंशन मिल गई है। आईएएस रस्तोगी का कार्यकाल एक साल और बढ़ा दिया गया है। इसी 30 जून को अनुराग रस्तोगी की रिटायरमेंट थी। लेकिन रिटायरमेंट से पहले रस्तोगी को एक साल का सेवा विस्तार दे दिया गया। केंद्र सरकार ने एक्सटेंशन को मंजूरी दी है।
एक साल और बने रहेंगे हरियाणा के मुख्य सचिव
रिटायर होने के बाद रस्तोगी मुख्य सचिव पद से रिलीव हो जाते। मगर एक्सटेंशन मिलने के बाद अब वह एक साल और हरियाणा के मुख्य सचिव बने रहेंगे। बताया जाता है कि, हरियाणा सरकार ने रस्तोगी को एक्सटेंशन देने की सिफारिश केंद्र सरकार से की थी। जहां हरियाणा सरकार की सिफारिश पर ही केंद्र सरकार ने एक्सटेंशन को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार ने हरियाणा सरकार को एक्सटेंशन को लेकर अवगत करा दिया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह की कमेटी इससे पहले उड़ीसा व हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिवों को सेवा विस्तार दे चुकी है। रस्तोगी के पास वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले अनुराग पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समय भी वित्त विभाग के एसीएस रहे हैं। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद हरियाणा सरकार की ओर से अनुराग रस्तोगी के नये नियुक्ति आदेश शुक्रवार को ही जारी हो गए। वह पांचवें मुख्य सचिव हैं, जिन्हें सेवा विस्तार दिया गया है।
सबसे पहले इसकी शुरूआत पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसी लाल की सरकार के समय हुई थी। बंसी लाल सरकार ने अगस्त 1996 से जनवरी 1997 तक यानी छह महीने के लिए उस समय मुख्य सचिव एमसी गुप्ता को सेवा विस्तार दिलाया था।
इसके बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने तीन आइएएस अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया था। वर्ष 2013 में हुड्डा सरकार में मुख्य सचिव रहे पीके चौधरी को छह महीने, शकुंतला जाखू को दो महीने तथा एससी चौधरी को सेवा विस्तार दिया गया
आइएएस सुधीर राजपाल और डा. सुमिता मिश्रा का इंतजार बढ़ाअनुराग रस्तोगी को सेवा विस्तार मिलने के बाद 1990 बैच के ही सीनियर मोस्ट आइएएस अधिकारी सुधीर राजपाल और डा. सुमिता मिश्रा को मुख्य सचिव बनने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल अगले साल 30 नवंबर और डा. सुमिता मिश्रा एक जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। इसी बैच के आइएएस तथा पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण इसी साल 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसी तरह समान बैच के आइएएस राजा शेखर वुंडरू की सेवानिवृत्ति अगले साल 31 जुलाई को होनी है।
1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं अनुराग रस्तोगी
अनुराग रस्तोगी 1990 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें इसी साल फरवरी में हरियाणा को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। रस्तोगी ने उस समय विवेक जोशी की जगह ली थी। जिन्हें तब भारत का चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था। अनुराग रस्तोगी हरियाणा सरकार के करीबी और भरोसेमंद अधिकारी माने जाते हैं। सीएम सैनी से भी रस्तोगी के अच्छे संबंध हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

