जोधपुर
छात्रनेता निर्मल चौधरी की गिरफ्तारी को लेकर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह मामला वर्ष 2022 का है, जिसमें राजकार्य में बाधा डालने और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और जांच भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरी हो चुकी थी। अब जब जांच में आरोपी पाया गया है, तो सामान्य कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तारी की गई है।
मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और सभी को न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी के खिलाफ दुर्भावना से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। यदि को आपत्ति है तो न्यायालय में जाकर अपना पक्ष रखना चाहिए, कानून सबके लिए समान है।
इस गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पटेल ने कहा कि यह कांग्रेस की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। मुकदमा कांग्रेस सरकार के समय दर्ज हुआ, जांच भी उसी दौरान हुई और अब कार्रवाई हो रही है, लेकिन आरोप भाजपा पर लगाए जा रहे हैं, इससे कांग्रेस की राजनीतिक स्तरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अपने जोधपुर दौरे पर मंत्री जोगाराम पटेल ने सर्किट हाउस में आमजन से मुलाकात और जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने जोधपुर के ड्रेनेज सिस्टम की समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि भैरवनाला और नांदड़ी नाला अभी अधूरे हैं, जिससे इस मानसून में शहरवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जनहानि से बचने और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से निपटने के लिए ड्रेनेज सुधार कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है, हालांकि यह काम बरसात में पूरा नहीं हो पाएगा।
भाजपा में अंदरूनी कलह से जुड़े एक सवाल पर मंत्री ने कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है। यदि किसी वरिष्ठ नेता ने जिला अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कोई बात कही है तो उसे नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे प्लेटफॉर्म पर बात करने की पूरी आजादी है, लेकिन सार्वजनिक मंच पर अनुशासन जरूरी है। पार्टी इस पर कार्रवाई कर रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
