नगरीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिये आय बढ़ाने के हों ठोस प्रयास
नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त भोंडवे ने की समीक्षा
नगरीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिये आय बढ़ाने के ठोस प्रयास किये जाने की जरूरत : भोंडवे
जबलपुर
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग आयुक्त संकेत भोंडवे ने जबलपुर में नगरीय निकायों के अधिकारियों की संभागीय बैठक में निर्देश दिये कि नगरीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिये आय बढ़ाने के ठोस प्रयास किये जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसी के साथ नगरीय निकायों के प्रबंधन से जुड़े खर्चों में कमी लायी जाये। बैठक में नगरीय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा की गई।
आयुक्त भोंडवे ने बैठक में उपस्थित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की मंशा के अनुसार निकायों की कार्य पद्धति में सुधार लायें। निकाय के सभी कार्यों में पारदर्शिता रखी जाये। विद्युत व्यय में कमी लाने के लिये एनर्जी ऑडिट निरंतर किया जाना सुनिश्चित किया जाये। बैठक में केन्द्र सरकार की योजनाएं जिनमें अमृत 1.0 और 2.0, इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी जबलपुर 2.0 के साथ राज्य शासन की कायाकल्प, मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना, अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के कार्य की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि केन्द्र से मिलने वाली राशि का सही रूप में उपयोग किया जाये। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों के निराकरण की स्थिति, वेतन भुगतान, निकायों में 15वें और 16वें वित्त आयोग के संबंध में की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की गई।
जमीनी स्तर पर हो निगरानी
आयुक्त नगरीय प्रशासन ने नगर पालिका अधिकारियों को चेतावनी दी कि नगरीय निकायों का अमला जमीनी स्तर पर कार्यक्रमों की निगरानी करे। उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार अधोसंरचना से जुड़े कार्यों में लेट-लतीफी कर रहे हैं, उन्हें ब्लेक लिस्टेड करने की कार्रवाई शीघ्र की जाये। आयुक्त ने निकायों में अधूरे पड़े आवासों के कार्यों में तेजी लाकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। बैठक में अपर आयुक्त डॉ. परीक्षित झाड़े भी उपस्थित थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

