मुजफ्फरपुर
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक लापता छात्र का शव बूंदी गढ़क नदी में मिला है। अपहरण के बाद दरिंदों ने बेरहमी से पहले छात्र की हत्या की और फिर पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया। इतना ही नहीं, उसकी दोनों आंखें निकाल दीं और पैर के नाखून भी उखाड़ दिए। वहीं, लाश मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
छात्र की नृशंस हत्या
जानकारी के मुताबिक, छात्र अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरोमाइल चौक से गायब हुआ था और उसका शव मोतीपुर के कोदरिया बूढ़ी गंडक नदी से बरामद हुआ। मृतक छात्र की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के रानीपट्टी गांव निवासी अभिषेक कुमार (21) के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर में किराए के मकान में रह कर पढ़ाई करता था। मृतक के पिता विनोद राय ने बताया कि अभिषेक 23 जून से लापता था। इसके बाद परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद अहियापुर थाने में आवेदन दिया गया। परिजनों का आरोप है कि अभिषेक के एक दोस्त ने उससे होटल खोलने के लिए पांच लाख रुपए उधार लिए हुए थे। अभिषेक ने जब उससे पैसे वापस मांगे तो उसने पार्टी के बहाने उसको बुलाया। वहां पर उसकी नृशंस हत्या कर दी और फिर शव को बूढ़ी गंडक नदी में फेंक दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। दरिंदों ने पहचान छिपाने के लिए छात्र के चेहरे पर तेजाब डाल दिया था। शव के दोनों हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और गले पर गहरे जख्म के निशान थे। इतना ही नहीं, पैर के नाखून भी उखाड़ लिए गए थे। वहीं, घटना के बाद से मृतक के परिजनों में चीख- पुकार मची हुई है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
