बिक्रम सिंह मजीठिया को भेजा सात दिनों की पुलिस रिमांड पर, मोहाली कोर्ट ने दी मंजूरी

राज्य

मोहाली
आय से अधिक संपत्ति केस में एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली अदालत ने 7 दिनों की रिमांड पर भेज दिया है। अदालत का यह आदेश मजीठिया को अदालत परिसर में लाए जाने के ढाई घंटे बाद आया। अब पुलिस मजीठिया से इस मामले में पूछताछ करेगी। मजीठिया की पेशी के दौरान कोर्ट के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था, क्योंकि अकाली दल के कार्यकर्ता उनकी गिरफ्तारी के बाद से प्रदर्शन कर रहे हैं। मजीठिया की अगली पेशी अब 2 जुलाई को होगी। सरकारी वकील ने पक्ष रखते हुए कहा कि बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपने पद का दुरुपयोग कर आए से अधिक संपत्ति इकट्ठा की है। उनकी सभी कंपनियों की जांच करनी जरूरी है, जिसके लिए इन्हें मोहाली से बाहर भी ले जाना पड़ेगा। वहीं, बिक्रम सिंह मजीठिया के वकील अर्शदीप सिंह कलेर ने दलील दी कि राजनीतिक बदलाखोरी की वजह से यह केस किया गया है। उन्होंने कहा कि विजिलेंस ब्यूरो जिस स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की रिपोर्ट का हवाला दे रहा है, उस रिपोर्ट को सुप्रीम कोर्ट की तरफ से खारिज कर दिया गया है।

अदालत में दोनों पक्षों को सुनने के बाद मजीठिया को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अदालत के बाहर मीडिया से बात करते हुए सरकारी वकील सोफत ने कहा, "बिक्रम सिंह मजीठिया की 540 करोड़ रुपये की आय अभी भी अघोषित है और वह इसके बारे में कोई विवरण नहीं दे सके।"

मुख्यमंत्री भगवंत मान बोले, रिमांड पर मजीठिया सब बताएंगे
बिक्रम मजीठिया के अमृतसर आवास पर बुधवार को पंजाब विजिलेंस की टीम ने छापा मारा था। इसके बाद उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बिक्रम मजीठिया के खिलाफ हुई कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बयान में कहा कि बिक्रमजीत मजीठिया को रिमांड पर लिया जाएगा, जिसमें वह सब कुछ बताएंगे कि उनके पास क्या-क्या है।

बुधवार को विजिलेंस ने बताया था कि उनके घर से क्या-क्या बरामद हुआ है। मान ने कहा, “मैं सिर्फ इतना ही कहूंगा कि कोई भी अपनी पावर या पद का अहंकार न करे। मैं पंजाब के लिए वफादार हूं और मैंने यहां के लोगों से वादा किया था कि रंगला पंजाब बनाएंगे। इसके लिए अगर वह मेरा भी नुकसान करते हैं तो कोई बात नहीं।”

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry