नई दिल्ली
देश के लिए खेलना क्या होता है, कोई केएल राहुल से सीखे। एक ऐसा खिलाड़ी जिसके लिए सबसे पहले देश है। हर चीज से पहले। यहां तक कि परिवार से पहले। एक खिलाड़ी जो कुछ समय पहले ही पिता बना हो लेकिन बेताबी देश के लिए खेलने की हो। दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमंग बदानी तो केएल राहुल पर फिदा ही हो गए हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में इसका खुलासा किया है कि स्टार बल्लेबाज ने आईपीएल के दौरान इंग्लैंड दौरे को लेकर उनसे क्या कहा था।
केएल राहुल मार्च में पिता बने। 24 मार्च को उनकी बेटी का जन्म हुआ। मई में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। आर अश्विन पहले ही संन्यास ले चुके थे। सामने भारत का अहम दौरा था। इंग्लैंड दौरा। 5 टेस्ट मैच की सीरीज। दिग्गजों की गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ियों में से एक हो गए। जिम्मेदारी बढ़ गई। अपेक्षाएं बढ़ गईं। उन्होंने निराश भी नहीं किया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक जड़ा। अहम मौकों पर युवा कप्तान शुभमन गिल का मार्गदर्शन किया। सीनियर होने का फर्ज निभाया।
लेकिन क्या यह सब कुछ इतना आसान था। कोई शख्स नया-नया पिता बना हो तो नन्हें कदमों को चूमना चाहता है। निहारना चाहता है। जिंदगी का नया चरण शुरू कर रही जीवनसंगिनी के साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताना चाहता है। लेकिन केएल राहुल ने जो फैसला किया उस पर हेमंग बदानी को नाज है।
बदानी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा, 'मुझे यह बहुत पसंद आया कि वह ऐसा शख्स है जिसने कहा- मैं इंग्लैंड जल्दी जाना चाहता हूं। मैं वहां साइड गेम खेलना चाहता हूं। उसने शतक जड़ा, वो भूल जाइए, वह तो बाद में आया। इरादा क्या है, यह मायने रखता है। वहां जल्दी पहुंचने, पूरी तरह तैयार होने, टीम के साथ होने का इरादा। यह मत भूलिए कि वह नया-नया पिता बना है और यह मत सोचिए कि अभी उसका बच्चा उसके साथ सफर कर सकता है। इसलिए उसके लिए यह कहा- 'देश मेरे बच्चे से ऊपर है' बहुत बड़ी बात है। बहुत बड़ा फैसला है।'
बदानी ने कहा, 'वह आसानी से कह सकता था- मैं कोई साइड गेम नहीं खेलूंगा। मैं सीधे टेस्ट मैच के लिए पहुंचूंगा। लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।' केएल राहुल ने इंग्लैंड में इंडिया और इंडिया ए के बीच इंट्रा-स्क्वाड मैच भी खेला।
हेमंग बदानी ने कहा, 'मुझे याद है, टेस्ट सीरीज से पहले केएल ने कहा था- मुझे इस टीम की फिक्र है और मैं उसके साथ जाना चाहता हूं। वह इंग्लैंड जाना चाहता था। मैं उसकी आंखों और उसके शब्दों में भूख को देख सकता था। रोहित और विराट की अनुपस्थिति में वह टीम का सबसे सीनियर बल्लेबाज है- और उसने अपनी भूमिका वाकई शानदार ढंग से निभाई है।'
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

