पटना
जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोला। किशोर ने गुरूवार को भोजपुर जिले के कोईलवर, बड़हरा और आरा प्रखंड में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी बिहार की जनता से वोट लेकर गुजरात में फैक्ट्री लगा रहे हैं। पूरे देश का पैसा लेकर गुजरात के गांव-गांव में फैक्ट्री लगाई जा रही हैं और भोजपुर, आरा के बच्चे वहां जाकर मजदूरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने जनता से पूछा कि जब वोट आपका है तो फैक्ट्री कहां लगनी चाहिए, गुजरात में या बिहार में?
बिहार से अशिक्षा को खत्म करने का रास्ता स्कूल बैग
प्रशांत किशोर ने जन सुराज को ‘स्कूल बैग' चुनाव चिन्ह देने पर चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया और कहा कि बिहार से गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी को खत्म करने का एकमात्र रास्ता शिक्षा है। उन्होंने कहा कि बिहार से अशिक्षा को खत्म करने का रास्ता स्कूल बैग है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 30-35 सालों से लालू-नीतीश के शासन ने बिहार को मजदूर राज्य बना दिया है। जन सुराज की सोच है कि बिहार के बच्चे स्कूल बैग लेकर पढ़ेंगे और रोजगार पाएंगे।
बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें
किशोर ने जनता से अपील की कि उन्हें और उनके बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें। उन्होंने कहा कि अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें। बिहार में व्यवस्था परिवर्तन कर जनता का राज स्थापित करने के लिए नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें। चुनाव में वोट लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार और नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर नहीं अपने बच्चों के चेहरे को देखकर दीजिएगा। अगली बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
