फिरोजपुर
आजकल जिस तरह चलते-फिरते, खेलते-कूदते, नाचते-गाते अचानक लोगों की मौत हो जा रही है, वो काफी डरावना है। अक्सर इस तरह के वीडियो सामने आ जाते हैं जब कोई जिम कर रहा होता है, चल रहा होता है, डांस कर रहा होता है, कुछ भी कर रहा होता है और तभी अचानक वह जमीन पर गिरता है और फिर कभी नहीं उठता। ऐसा ही एक दर्दनाक वीडियो पंजाब के फिरोजपुर से सामने आया है जहां 27 साल के एक क्रिकेटर की मैदान पर ही हार्ट अटैक से मौत हो गई।
यह दुखद घटना फिरोजपुर के गुरु हर सहाय कस्बे की है। 27 साल के एक युवा क्रिकेटर ने पिच पर ही दम तोड़ दिया। हरजीत सिंह लोकल क्लब टीम के लिए खेला करते थे। रविवार को वह एक लोकल मैच में बल्लेबाजी कर रहे थे। जब वह 43 रन के स्कोर पर थे तभी उन्होंने छक्का जड़ा। अब वह अर्धशतक से महज एक रन दूर थे। छक्का जड़ने के बाद वह नॉन-स्ट्राइकर एंड पर साथी बल्लेबाज से हाथ मिलाने के लिए जा रहे थे। तभी अचानक वह पिच पर ही घुटनों के बल गिर पड़े और उनके शरीर में हरकत बंद हो गई। बाकी खिलाड़ी तत्काल दौड़कर उनके पास गए। सीपीआर देने की भी कोशिश की।
हरजीत को तत्काल अस्पताल भी ले जाया गया लेकिन वह तो पिच पर ही दम तोड़ चुके थे। जब यह दुखद घटना हुई तब उनके साथ नॉन-स्ट्राइक एंड पर रचित सोढ़ी नाम के एक अन्य बल्लेबाज मौजूद थे। हरजीत छक्का जड़ने के बाद उनसे ही हाथ मिलाने जा रहे थे। युवक की मौत के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
सोढ़ी ने एक अखबार को बताया कि हरजीत पेशे से कार्पेंटर थे और उन्होंने क्रिकेट खेलना बहुत पसंद था। वह शादीशुदा थे और उनका एक बेटा भी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

