चिराग पासवान को रोहिणी आचार्या की चुटकी: अफसोस किस बात का, जब समर्थन शून्य है?

राज्य

पटना,

 राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू यादव की पुत्री रोहिणी आचार्या ने लोजपा (रामविलास) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के ताजा बयान पर प्रतिक्रिया दी है। चिराग ने बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर असंतोष प्रकट किया था। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा था कि उनको इस बात का अफसोस है कि वे ऐसी सरकार को समर्थन दे रहे हैं, जिसके प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान हैं।

चिराग की ओर से अफसोस जताए जाने पर रोहिणी आचार्या ने जोरदार तंज कसा है। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान को किस बात का अफसोस है, जबकि उनका एक भी विधायक नहीं है।

राजद अध्यक्ष लालू यादव की पुत्री और सारण से लोकसभा चुनाव लड़ चुकी रोहिणी ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर रविवार को लिखा, “अच्छी मसखरी कर लेते हैं चिराग जी .. जीजा – जमाई आयोग के संरक्षण – कर्ता चिराग पासवान जी की पार्टी का बिहार में एक भी विधायक नहीं है, फिर भी चिराग पासवान जी बिहार की सरकार को अपने द्वारा दिए जा रहे समर्थन पर अफसोस जता रहे हैं।”

इससे पहले बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी चिराग के बयान को लेकर कहा था कि बिहार में अपराधी ‘विजय’ और ‘सम्राट’ हो चुके हैं। लॉ एंड ऑर्डर का ‘क्रिमिनल डिसऑर्डर’ हो चुका है और चिराग पासवान भी सरकार के ही अंग हैं, जो मुद्दा उठा रहे हैं।

उन्होंने चिराग पासवान पर हमला बोलते हुए कहा कि चिराग केंद्रीय मंत्री हैं, उनके पांच-पांच एमपी हैं। चिराग ये दिखा रहे हैं कि वो कितने कमजोर हो चुके हैं। अगर उन्हें लगता है कि बिहार में अपराध बढ़ गया है, महिलाओं का अपमान हो रहा है, दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं, तो उस गठबंधन में क्यों हैं?

दरअसल, चिराग पासवान ने शनिवार को प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मुझे इस बात का दुख होता है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां पर अपराध पूरी तरह से बेलगाम हो चुका है। इस पर नियंत्रण पाना जरूरी है। उन्होंने कहा था कि प्रशासन अपराधियों के सामने नतमस्तक है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry