चंडीगढ़
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति अगर अपराध करेगा तो उसको मिट्टी में मिला दिया जाएगा। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आने वाले समय में और भी अधिक कठोर फैसले लिए जाएंगे।
हरियाणा निवास में शनिवार को मीडिया से बातचीत में कानून व्यवस्था पर उठे सवालों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता को सुरक्षित माहौल देना सरकार की प्रतिबद्धता है। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अगर कोई कानून व्यवस्था को बिगाड़ेगा तो चाहे वह कितना ही बड़ा व्यक्ति हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
नशा तस्करों के खिलाफ सरकार कड़ा संज्ञान ले रही है। अगर किसी गांव, मोहल्ले व शहर के वार्ड में नशा बिकता है तो स्थानीय लोग तुरंत सरकार द्वारा बनाए गए पोर्टल पर शिकायत दें। नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों की सेहत के प्रति गंभीर है। लोगों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों में न जाना पड़े, इसलिए जिला स्तर पर सरकारी अस्पतालों को सभी सुविधाओं से युक्त करके विकसित किया जा रहा है। जल्द ही ऐसे 10 अस्पतालों का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि वोटों की चोरी का कांग्रेस पार्टी आरोप लगा रही है, जो कि निराधार है। कांग्रेस बिना वजह इसे मुद्दा बना रही है, यह झूठ अब चलने वाला नहीं है।
वास्तव में कांग्रेस ने डा. भीम राव अंबेदकर के संविधान को तार-तार किया है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। कांग्रेस ने लोकसभा की कार्रवाई को रोकने का काम किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार के सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। इस वजह से बौखलाई कांग्रेस तथ्यरहित आरोप लगा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब व्यक्ति को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने हर वर्ग की उन्नति के लिए योजनाएं लागू की हैं। आज गरीब व्यक्ति आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
