हरियाणा में बारिश से हुई क्षति पर विपक्ष ने जताई नाराज़गी, मुआवजे की मांग

राज्य

चंडीगढ़
हरियाणा में विपक्ष ने वर्षा से खराब हुई फसल, टूटे मकान और दुकानों का मुआवजा देने की आवाज उठाई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पंजाब के बाद लगभग पूरा हरियाणा भी अब बाढ़ और जलभराव की चपेट में आ चुका है। गांव, खेत, गलियां, सड़कें, हाईवे और शहर सब जलमग्न हो गए हैं। तमाम प्रभावित लोग सरकारी मदद के लिए गुहार लगा रहे हैं। सरकार को तुरंत विशेष गिरदावरी की प्रक्रिया शुरू कर फसलों को हुए नुकसान का 100 प्रतिशत मुआवजा देना चाहिए।

साथ ही मकानों व दुकानों को हुए नुकसान का मुआयना कर जल्द मुआवजे का ऐलान करना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार सक्रिय होकर बाढ़ प्रभावित स्थानों पर राहत कार्य शुरू कराए। अब तक जो भी कार्य किए जा रहे हैं, वे नाकाफी हैं, जिसके चलते जलभराव लगातार बढ़ता जा रहा है। भूपेंद्र हुड्डा ने चंडीगढ़ में जारी एक बयान में कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में कांग्रेस के तमाम नेता, कार्यकर्ता, विधायक और सांसद लगातार अपनी क्षमतानुसार राहत कार्यों में लगे हुए हैं। ऐसे में अधिकारियों को चाहिए कि जो भी जमीनी जानकारी कांग्रेसजन प्रशासन तक पहुंचाएं, उसका तुरंत संज्ञान लेते हुए मुस्तैदी के साथ समाधान किया जाए।

हुड्डा ने तमाम सक्षम लोगों से भी आगे आकर हाथ बंटाने की अपील की है। तमाम लोग आर्थिक या राहत सामग्री के तौर पर बाढ़ पीड़ित लोगों की मदद कर सकते हैं। मुश्किल की इस घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना ही इंसानियत और भाईचारा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अधिक बारिश होने की संभावना है, जो चिंता बढ़ाने वाली बात है। इससे निपटने के लिए सरकार को बाढ़ प्रभावित इलाकों में जल निकासी के लिए वाटर पंप, मोटर और जनरेटर की व्यवस्था तुरंत करनी चाहिए। साथ ही लोगों के लिए खाने के सामान व पीने के पानी की सप्लाई सुनिश्चित करें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की व्यवस्था की जाए।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry