नग्गल दौरे पर CM सैनी, जलभराव का जायजा और किसानों-पुलिस के बीच तनाव

राज्य

नग्गल 

 अंबाला सिटी के नग्गल में जलभराव की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलने के लिए भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। किसानों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया और पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

किसान नेता जय सिंह जलबेड़ा और अन्य कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलने के लिए आगे बढ़े, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। जय सिंह ने एक महिला पुलिस अधिकारी पर धार्मिक चिन्ह तोड़ने और कपड़े फाड़ने का गंभीर आरोप लगाया।

 मुख्यमंत्री ने सुनी किसानों की समस्याएं 
किसानों की समस्याएं सुनते ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तुरंत स्थिति को संभाला और किसान नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया। किसान नेता कुलदीप सिंह मोहड़ी और जय सिंह जलबेड़ा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने नग्गल क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या से अवगत कराया। किसानों ने बताया कि सेगती गांव के पास बने बांध के कारण जलभराव हो रहा है। पहले वहां पानी की निकासी के लिए मोटर लगी होती थी, जो अब बंद है। उन्होंने मोटरों को फिर से चालू करने की मांग की।

किसानों का प्रशासन पर आरोप
किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि 28 जुलाई को अंबाला शहर की नई अनाज मंडी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भी प्रशासन ने उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने से रोका था। इस पर मुख्यमंत्री सैनी ने जय सिंह जलबेड़ा का हाथ पकड़कर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्हें किसानों की मौजूदगी का पता चला, उन्होंने तुरंत मुलाकात का निर्देश दिया। किसान नेताओं ने महिला पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सोमवार को नग्गल थाने का घेराव किया जाएगा और इस संबंध में शिकायत दर्ज की जाएगी। 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry