नेपाल में बढ़ती हिंसा: सम्राट चौधरी बोले, कांग्रेस की गलती पड़ोसी को भारी पड़ी

राज्य

पटना
पड़ोसी देश नेपाल में युवा आबादी के हिंसक प्रदर्शन के बाद उपजे तनाव और राजनीतिक संकट पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट ने इसे कांग्रेस की भूल बताया है। उन्होंने कहा कि नेपाल अगर आज भारत का हिस्सा होता तो वहां शांति और खुशहाली होती। कांग्रेस की भूल रही कि नेपाल और पाकिस्तान जैसे देश भारत का हिस्सा नहीं हैं। डिप्टी सीएम के इस बयान से सियासी पारा गर्मा गया है।

सम्राट चौधरी ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा, “नेपाल में अराजकता इसलिए हो रही है क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा इन देशों को अलग रखा। अगर नेपाल आज भारत का अंग होता तो वो समृद्ध होता। इसी तरह पाकिस्तान भी भारत का हिस्सा होता तो वह भी समृद्ध होता। यह कांग्रेस की भूल है जिसके चलते हमें यह झेलना पड़ा है।” उन्होंने नेपाल में हो रहे हिंसक प्रदर्शनों को गलत बताया और कहा कि लोगों में असंतोष हो सकता है लेकिन अराजकता नहीं होनी चाहिए।

बता दें कि नेपाल में पिछले दिनों सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद Gen-Z (युवा) आबादी सड़कों पर उतर गई। युवाओं का नेपाली सरकार पर गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को हिंसा के बाद पुलिस गोलीबारी में कई प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। इसके बाद मंगलवार को भीड़ ने संसद भवन समेत कई सरकारी इमारतों को आग के हवाले कर दिया। बवाल बढ़ने के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। प्रदर्शनकारियों ने कई मंत्रियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और अन्य राजनेताओं पर भी हमले किए गए।

पड़ोसी देश में राजनीतिक अस्थिरता का असर भारत पर भी पड़ा है। नेपाल घूमने गए कई पर्यटक हिंसक प्रदर्शनों के चलते वहां फंसे हुए हैं। भारत और नेपाल के बीच विमान, रेल और बस सेवाओं को बंद कर दिया गया है। बिहार में बॉर्डर के पास स्थित लोगों को भी परेशानी हो रही है। भारत नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry