रांची तैयार: पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर मनाया जाएगा सेवा और समर्पण का उत्सव

राज्य

रांची

झारखंड की राजधानी रांची में रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने बीते शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। यह पखवाड़ा 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।

सेठ ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी महानगर रांची और भाजपा ग्रामीण इकाई मिलकर इस पखवाड़ा को एक उत्सव की तरह पूरे जिले में मनाएंगे। इसकी शुरुआत विशेष धार्मिक अनुष्ठान के साथ होगी और फिर विभिन्न सामाजिक व जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सेठ ने कहा कि सेवा पखवाड़ा की शुरुआत 17 सितंबर को हवन कार्यक्रम से होगी। इसी दिन से रांची और उसके ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर अनेक कार्यक्रम शुरू होंगे। सांसद ने बताया कि इस पखवाड़ा में कला महोत्सव, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर जैसे आयोजन प्रमुख रहेंगे।

इन कार्यक्रमों का लक्ष्य आम जनता को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाना और समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मानित करना है। इस अवसर पर सांसद ने जानकारी दी कि शहर में 3000 सोलर लाइट्स का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही 75 नर्सें और 75 सफाई कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। ये वे लोग हैं जिन्होंने समाज में अपनी सेवाओं से महत्वपूर्ण योगदान प्रस्तुत किया है। संजय सेठ का कहना था कि मोदी के 75वें जन्मदिन पर सेवा और समर्पण का संदेश आम जनता तक पहुंचाना ही इन कार्यक्रमों की मुख्य उद्देश्य है। इसके अलावा इस पखवाड़ा में 75 पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया जाएगा।

सेठ ने बताया कि देश की सेवा में योगदान देने वाले इन सैनिकों को सम्मानित करना भारतीय जनता पार्टी के लिए गर्व का विषय होगा। इसी क्रम में 75 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और 75 खिलाड़ी भी सम्मान समारोह का हिस्सा होंगे। सांसद का मानना है कि यह पहल समाज के हर वर्ग से जुड़े लोगों को प्रेरित करने का काम करेगी। इस पखवाड़ में कई और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा और विकास की राह पकड़ी है। उनके 75वें जन्मदिन पर आयोजित यह सेवा पखवाड़ा उसी सोच का प्रतीक है जिसमें समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इस पखवाड़ा में साइक्लोथोन का मोराबादी में भी आयोजन किया जाएगा जिसमें 30000 लोग शामिल होंगे और साइक्लोथोन का हिस्सा बनेंगे। सेठ ने कहा कि भाजपा की कोशिश है कि इस पखवाड़ा में हर नागरिक की भागीदारी हो और यह आयोजन झारखंड की धरती से सेवा, सम्मान और समर्पण का संदेश पूरे देश तक पहुंचे।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry