जनता के लिए इनेलो का नया कदम: ‘इनेलो सेवक’ ऐप लॉन्च, अभय चौटाला का संदेश

राज्य

चंडीगढ़ 
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों पर जनता को ठगने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता, खासकर युवा वर्ग, अब भाजपा शासन से ऊब चुका है। वहीं कांग्रेस ने भी सत्ता में आने के लिए बार-बार मतदाताओं को गुमराह किया और भाजपा की मदद की। चौटाला मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक नया मोबाइल एप्लिकेशन ‘इनेलो सेवक’ लांच किया। इसके जरिए जनता सीधे उनसे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेगी। अभय चौटाला ने कहा कि सरकार पोर्टल के नाम पर जनता की समस्याओं से भागती है। मुख्यमंत्री विंडो ऐप भी सिर्फ दिखावा साबित हुई और किसी को न्याय नहीं मिला। जबकि इनेलो का ‘सेवक एप’ शिकायतों को न केवल दर्ज करेगा बल्कि उन्हें उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का काम करेगा।

चौटाला ने कहा कि हर शिकायत को मीडिया में भी सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि सरकार जवाबदेह बने। अभय चौटाला की यह प्रेस वार्ता और ‘इनेलो सेवक’ एप का लांच इनेलो की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी युवाओं को जोड़ने और जनता के मुद्दों को केंद्र में रखने की कोशिश कर रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों पर तीखे हमले बोलते हुए चौटाला ने स्पष्ट कर दिया कि इनेलो आगामी चुनावों में ‘विकल्प की राजनीति’ के एजेंडे पर उतरेगी।

भाजपा और कांग्रेस दोनों ने किया धोखा
चौटाला ने कहा कि जब वे चौधरी देवीलाल सम्मान दिवस रैली के लिए जनता को न्योता देने गए तो युवाओं ने उनसे कहा कि उन्हें कांग्रेस और भाजपा दोनों ने धोखा दिया है। उन्होंने दावा किया कि 2019 में जनता ने भाजपा को बाहर करने का काम किया, लेकिन कुछ नेता जो ताऊ देवीलाल के नाम पर वोट मांगते थे, उन्हीं ने भाजपा से हाथ मिलाकर सत्ता में शामिल होकर घोटाले किए। उन्होंने 2024 का हवाला देते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा की मदद की।

हुड्डा ने की भाजपा की मदद
चौटाला ने आरोप लगाया कि हुड्डा ने जानबूझकर कांग्रेस के 9 और उम्मीदवार हरवाए और भाजपा की मदद की। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भावनीखेड़ा, अंबाला कैंट, उचाना और सोनीपत राई विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने बागी उम्मीदवार उतारकर भाजपा को फायदा पहुंचाया उन्होंने तंज कसा कि राहुल गांधी का सरकारी आवास एक हफ्ते में खाली करा लिया गया था, लेकिन हुड्डा एक साल से नेता प्रतिपक्ष पद छोड़ने के बावजूद आज तक सरकारी मकान में डटे हुए हैं।

जनता अब इनेलो की ओर देख रही है
अभय चौटाला ने कहा कि जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों से निराश हो चुकी है और अब इनेलो को ही असली विकल्प मान रही है। उन्होंने दावा किया कि जगह-जगह से कांग्रेस कार्यकर्ता इनेलो का हाथ थाम रहे हैं। चौटाला ने कहा कि इनेलो सेवक ऐप के जरिए जनता की आवाज उठेगी और हर मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
 
हरियाणा में कानून-व्यवस्था चरमराई
धमकी मामले में कोई अपडेट न मिलने पर इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह मामला उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा का नहीं बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था का है। अभय चौटाला ने महिपाल ढांडा के उस बयान पर भी सवाल उठाया जिसमें उन्होंने अपराध बढ़ने की वजह जनसंख्या को बताया था। चौटाला ने तंज कसते हुए कहा कि क्या 11 साल का बच्चा अपराध कर सकता है? उन्होंने कहा कि आज हालात ऐसे हैं कि हरियाणा में कोई भी सुरक्षित नहीं है, हर घर में सीसीटीवी कैमरे लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने वादा किया कि जिस दिन वे मुख्यमंत्री बनेंगे, उसी दिन से अपराधी जेल की सलाखों के पीछे होंगे और जनता खुद कहेगी कि अपराध खत्म हो गया है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry