प्रशासन में हलचल: मान सरकार ने अधिकारियों को जारी किए सख्त निर्देश

राज्य

चंडीगढ़
पंजाब सरकार के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज अधिकारियों को नदियों की दरारों को भरने के काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ यहां एक आपात बैठक के दौरान, कैबिनेट मंत्री ने चल रहे कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राज्य भर के बांधों की दरारों को भरने और संवेदनशील हिस्सों को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों की भी जानकारी ली। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब तक दर्ज की गई 44 दरारों में से ज्यादातर को भर दिया गया है, जबकि बाकी दरारों को भरने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगर भविष्य में पानी का बहाव तेज होता है, तो विभाग ऐसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे।

उन्होंने आगे कहा कि इस मुश्किल घड़ी में यह बेहद जरूरी है कि विभाग के सभी संसाधन इन कार्यों के लिए जुटाए जाएं और इनके पूरा होने तक कड़ी निगरानी रखी जाए। बरिंदर कुमार गोयल ने अधिकारियों को हिदायत की कि इन बांधों और अन्य विभागीय संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि उनकी समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन सुरक्षा उपायों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नदियों के किनारे रहने वाले लोगों, कृषि भूमि और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

बैठक में प्रमुख सचिव कृष्ण कुमार, मुख्य इंजीनियर (ड्रेनेज) हरदीप सिंह मेंदीरत्ता, मुख्य इंजीनियर (नहरां) शेर सिंह, मुख्य इंजीनियर (मुख्यालय) जतिंदर पाल सिंह, मुख्य इंजीनियर (डिजाइन) विजय कुमार गर्ग और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry