गिरिराज सिंह बोले—देश को गृह युद्ध की ओर धकेलने की कोशिश

राज्य

बेगूसराय,

 ‘आई लव मुहम्मद’ बनाम ‘आई लव महाकाल’ विवाद को लेकर केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, असदुद्दीन ओवैसी और मुफ्ती जैसे नेता देश में लोगों को भड़काकर गृह युद्ध जैसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं।

गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अभी दो दिन पहले लेह में जो घटना हुई, वह राहुल गांधी की ही योजना का हिस्सा है। उनका काम करने का तरीका अर्बन नक्सलियों जैसा है। ‘आई लव मुहम्मद’ विवाद भी उसी कड़ी का हिस्सा है। लेकिन अब आम जनता इनसे दूरी बना रही है।

मुस्लिम समाज से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि ओवैसी जैसे नेताओं को लोगों को भड़काने के बजाय सामाजिक समरसता की बात करनी चाहिए। राहुल गांधी न केवल देश में आगजनी कर रहे हैं बल्कि विदेशी अखबारों के साथ मिलकर भारत को बदनाम करने का काम भी कर रहे हैं। लगता है उन्हें देश से ज्यादा विदेश से प्यार हो गया है।

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को ‘नेपो किड’ करार देते हुए कहा कि दोनों केवल बड़े राजनीतिक घरानों से आने के कारण ही पहचाने जाते हैं। अगर ये खानदानी राजनीति के वारिस नहीं होते तो मोहल्ले के लोग भी इन्हें नहीं पहचानते। लेह से लेकर मणिपुर तक आग भड़काने का काम राहुल गांधी ने किया है।

वहीं, राहुल गांधी द्वारा ‘हाइड्रोजन बम’ फोड़ने वाले बयान पर गुरुवार को उन्होंने कहा कि वे अर्बन नक्सल की ओर बढ़ रहे हैं। राजनीति में हाइड्रोजन और न्यूक्लियर बम नहीं होते हैं। राजनीति सामाजिक सरोकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था का है, आग लगाने का नहीं है। वे देश में गृह युद्ध करवाना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा था कि राहुल गांधी जिस ढंग की भाषा बोल रहे हैं, अगर वह भाषा मैं बोलूं तो उन्हें बड़ा बुरा लगेगा।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry