रांची में सुरक्षित मिली गोमिया मुखिया सपना कुमारी, तीन दिन से थीं गायब

राज्य

रांची

झारखंड के बोकारो जिले में पिछले 3 दिनों से लापता गोमिया प्रखंड के गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी को रांची पुलिस की सहायता से बोकारो पुलिस ने रांची से सुरक्षित बरामद कर लिया है।

सपना कुमारी के अचानक गायब होने से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरे पंचायत क्षेत्र में बेचैनी और चिंता का माहौल था। ज्ञातव्य है कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुखिया सपना कुमारी अपने घर लौटी थीं। हालांकि, कुछ देर बाद ही वह घर से दोबारा बाहर निकल गईं और फिर वापस नहीं आईं। देर रात तक जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने गोमिया थाना पहुंचकर उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मुखिया की अंतिम बार देखी गई जगहों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सुराग जुटाए गए। जांच में पता चला कि सपना कुमारी संभवत: रांची में हैं। इसके बाद बोकारो पुलिस ने रांची पुलिस से सहयोग मांगा और संयुक्त अभियान चलाकर रांची से उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मुखिया सपना कुमारी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें उनके परिजनों के पास भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस हर पहलू पर गहराई से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उनकी लापता होने के पीछे क्या कारण थे। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के त्वरित प्रयासों की सराहना करते हुए राहत की सांस ली है। कई लोगों ने इसे एक सुखद अंत बताया और मुखिया की सुरक्षित वापसी पर खुशी प्रकट की। फिलहाल पुलिस सपना कुमारी से बयान लेकर आगे की जांच की प्रक्रिया पूरी कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry