CBI जांच में नया मोड़: निलंबित DIG भुल्लर 14 नवंबर तक रहेंगे न्यायिक हिरासत में

राज्य

चंडीगढ़ 
भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किए गए पंजाब के निलंबित DIG एचएस भुल्लर को शुक्रवार को अदालत ने 14 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। CBI ने भुल्लर का रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की, जिसके बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया। भुल्लर की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करवाई गई। CBI ने 16 अक्टूबर को एचएस भुल्लर को रिश्वत लेते हुए रंगे-हाथों गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद CBI ने उनके आवास पर करीब 21 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसमें 7 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपए नकद, लगभग 2 करोड़ 32 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने और 26 महंगी ब्रांडेड घड़ियां बरामद की गई थीं।

इस कार्रवाई के बाद CBI ने भुल्लर के कथित बिचौलिये कृष्णु को भी हिरासत में लिया था, जो फिलहाल CBI रिमांड पर है। शुक्रवार को अदालत में पेशी के दौरान CBI ने भुल्लर का रिमांड नहीं मांगा, बल्कि न्यायिक हिरासत की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। अब भुल्लर को 14 नवंबर को दोबारा CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा।

संपत्ति पुश्तैनी और नौकरी से पहले की
भुल्लर के वकील एचएस धनोआ ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल के खिलाफ गलत तथ्य सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं। उन्होंने अदालत से सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही झूठी जानकारियों को नियंत्रित करने की अपील भी की। धनोआ ने कहा कि भुल्लर की सारी संपत्ति उनकी नौकरी शुरू होने से पहले की है और पुश्तैनी है। उन्होंने दावा किया कि समय आने पर सभी दस्तावेज और तथ्य अदालत में प्रस्तुत किए जाएंगे।

CBI की जांच जारी
CBI अधिकारियों के अनुसार, भुल्लर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच जारी है। एजेंसी फिलहाल जप्त किए गए दस्तावेजों, नकदी और कीमती सामानों की जांच-पड़ताल कर रही है। भुल्लर की गिरफ्तारी ने पंजाब पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है और मामले ने राज्य में उच्च अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry