चंडीगढ़
पंजाब में नवंबर महीना शुरू होते ही मौसम को लेकर नई अपडेट सामने आई है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि पंजाब में नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड पड़ सकती है। जानकारी के मुताबिक, नवंबर मीहने के पहले हफ़्ते में पंजाब को प्रदूषण से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने 5 और 6 नवंबर को राज्य में गरज के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल विभाग ने अभी तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह विक्षोभ 4 नवंबर से सक्रिय होगा। नवंबर के पहले सप्ताह में पंजाब में 2 दिन बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस बारिश से तापमान में भारी गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे राज्य में सर्दी के मौसम का आगमन होगा। पूर्वानुमान के अनुसार, जालंधर में 4 नवंबर की देर रात हल्की बारिश हो सकती है, जिसके बाद 5 नवंबर को सुबह-सुबह गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, जिसकी 55% संभावना है। इसके साथ ही 5 नवंबर को लुधियाना, अमृतसर और मोहाली में गरज के साथ छींटे पड़ने और 6 नवंबर को हल्की, छिटपुट बारिश होने की संभावना है। साथ ही पंजाब के कई अन्य जिलों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
इसके साथ ही पंजाब में ठंड भी बढ़ेगी। ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, इस बारिश से प्रदूषण के कण खत्म हो जाएंगे और वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार होगा। फिलहाल, पंजाब के सभी शहरों का AQI 100 से ऊपर है, जबकि बठिंडा में यह 205 दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि पंजाब में अधिकतम तापमान लगातार गिर रहा है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान मानसा में दर्ज किया गया, जहाँ पारा 32.3 डिग्री रहा। इस दौरान, राज्य में सबसे कम तापमान गुरदासपुर में 16 डिग्री दर्ज किया गया। रात के न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यह तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
