अमृतसर
पंजाब के अमृतसर में सिखों के पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व आज बड़े श्रद्धा और उत्साह से मनाया जा रहा है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के लिए पहुँच रही है।इस अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब में गुरु साहिबानों के अस्त्र-शस्त्रों (जलो साहिब) की विशेष सजावट की गई। रात में श्री दरबार साहिब में दीपमाला और भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा। हज़ारों की संख्या में संगतें हरमंदिर साहिब पहुँचकर एक-दूसरे को गुरपुरब की बधाई देती नजर आईं।
गुरु नानक देव जी के उपदेशों पर चलने का संदेश
श्री दरबार साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी रघुबीर सिंह ने गुरु नानक नाम लेवा संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमें गुरु साहिब के दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए, गुरबाणी से जुड़ना चाहिए और गुरु के उपदेशों के अनुसार जीवन व्यतीत करना चाहिए।
श्रद्धालुओं ने किया सरोवर स्नान और अमन-शांति की अरदास
श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह धगेड़ा ने भी संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश मानवता और समानता के प्रतीक हैं। श्रद्धालुओं ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने आज गुरु घर पहुँचकर सरोवर में स्नान किया और वाहेगुरु से देश व परिवार की अमन-शांति के लिए अरदास की।
उनका कहना था कि वे स्वयं को भाग्यशाली मानते हैं कि इस पवित्र दिन उन्हें सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में स्नान करने का अवसर प्राप्त हुआ।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

