पटना,
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच महागठबंधन की ओर से सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के आरक्षण पर दिए बयान पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पलटवार किया। चौधरी ने कहा कि चारा घोटाला करने वाले परिवार के लोग आरक्षण पर बोलते हुए अच्छे नहीं लगते हैं।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। हम लोगों का आशीर्वाद मांग रहे हैं और उनसे एक बार फिर एनडीए सरकार बनाने और बिहार में विकास के पथ पर आगे बढ़ने का आग्रह कर रहे हैं। बिहार में एनडीए की सरकार की विकास कर सकती है और यह विश्वास हमारी जनता को भी है।
उन्होंने कहा कि भरोसा है कि जनता एक बार फिर एनडीए सरकार को चुनने के लिए घरों से निकलकर वोट करेगी।
महागठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने जीवनभर चोरी की, 55 साल देश और बिहार को लूटने का काम किया। जिन्होंने बिहार में चारा घोटाला से लेकर अलकतरा घोटाला किया। उनके मुंह से बदलाव की बात शोभा नहीं देती है।
तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि आरक्षण की बात वो कर रहे हैं, जिनके परिवार ने सिर्फ घोटाला किया, इसके अलावा कुछ नहीं किया। तेजस्वी यादव जो आरक्षण पर बयान दे रहे हैं, उन्हें पहले अपने माता-पिता से पूछना चाहिए कि बिहार में आरक्षण किसे दिया।
आरक्षण के प्रति भाजपा का समर्थन करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि देश में जब भी आरक्षण की बात हुई, आरक्षण लाया गया तो भाजपा ने हमेशा समर्थन किया। विपक्ष के लोग आरक्षण की सिर्फ बातें करते हैं, उस पर कभी अमल नहीं करते।
पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे तो कभी आरक्षण के पक्ष में नहीं रहे। अगर होते तो आरक्षण का बिल नहीं फाड़ते। महिला आरक्षण अगर 30 साल से नहीं मिला है तो उसके दोषी लालू प्रसाद यादव हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

