रोडवेज बनाम टोल स्टाफ: रामायण टोल प्लाज़ा पर मारपीट के बाद एक घंटे तक अफरा-तफरी

राज्य

हांसी
दिल्ली-सिरसा नेशनल हाईवे स्थित रामायण टोल प्लाजा पर वीरवार सुबह हरियाणा रोडवेज बस और टोल कर्मचारियों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। मामला इतना तूल पकड़ गया कि रोडवेज कर्मियों ने विरोधस्वरूप बसों को हर लेन में खड़ा कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक टोल प्लाजा पूरी तरह जाम रहा और सवारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई और सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर हालात को नियंत्रण में लिया गया।

रोडवेज बस चालक महेंद्र ने आरोप लगाया कि टोल कर्मचारियों ने बस रुकवाकर उनके साथ मारपीट की और बस के शीशे तोड़ दिए। वहीं, टोल प्रबंधन का कहना है कि गलती पूरी तरह रोडवेज कर्मियों की थी, जिन्होंने बंद लेन में जबरन बस घुसाई और रोकने पर कर्मचारियों से हाथापाई की।

दोषियों पर होगी कार्रवाईः थाना प्रभारी
सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज करवाई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद टोल संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, यह रोडवेज बस वीरवार सुबह 7:20 बजे दिल्ली से सिरसा के लिए रवाना हुई थी और करीब 11:00 बजे रामायण टोल प्लाजा पर पहुंची, जहां यह घटना हुई। 

रोडवेज कर्मचारी यूनियन की प्रतिक्रिया आई सामने
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान सोनू मोर ने टोल कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों पर हमला करना अत्यंत निंदनीय है, और इसी के विरोध में बसें खड़ी कर जाम लगाया गया। सोनू मोर ने यह भी कहा कि टोल प्लाजा का काम लोगों को सहूलियत देना है, लेकिन यहां आए दिन आम जनता और कर्मियों से झगड़े की घटनाएं हो रही हैं।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry