पटना
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में आगामी दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, शनिवार से राज्य के विभिन्न हिस्सों में रात का पारा गिरना शुरू हो सकता है, जिससे रात के समय ठंढ में बढ़ोतरी होने की पूरी उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि अगले 48 घंटों तक प्रदेश में तापमान की स्थिति लगभग स्थिर बनी रहेगी। इसके बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बदलाव के चलते देर रात और सुबह के समय शीतलहर जैसे हालात बनने की संभावना है। लोगों को ठंड से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। राज्य में दिन का तापमान अगले तीन से चार दिनों तक लगभग सामान्य रहने का अनुमान है।
समस्तीपुर रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान में किसी बड़े उतार- चढ़ाव के संकेत नहीं मिले हैं। गुरुवार को समस्तीपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 13 से 20 डिग्री के बीच रहा। वहीं दूसरी ओर फारबिसगंज में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो दिन में सबसे गर्म रहा। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 26.9 से 30.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी भारत में हवाओं की दिशा बदलने और बादलों की कमी के कारण रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी जायेगी। कुल मिलाकर, बिहार में अभी दिन में हल्की गर्माहट बनी रहेगी, लेकिन शनिवार से शुरू होने वाली ठंड रात के समय सिहरन बढ़ा सकती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
